गोरेयाकोठी में पंचायत समिति की बैठक, 16वीं वित्त आयोग की योजनाओं के चयन पर बनी सहमति
बैठक में शामिल प्रमुख, बीडीओ व अन्य
गोरेयाकोठी प्रखंड में पंचायत समिति की बैठक प्रमुख रजिया खातून की अध्यक्षता में आयोजित हुई. इसमें क्षेत्र के विकास कार्यों, 16वीं वित्त आयोग की योजनाओं और विभिन्न जनसमस्याओं पर गहन चर्चा की गई. एपीएचसी, पंचायत सरकार भवन निर्माण और तालाब निर्माण में अनियमितता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया गया.
Goreyakothi Panchayat Samiti Meeting: गोरेयाकोठी प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में सोमवार को पंचायत समिति की बैठक प्रमुख रजिया खातून की अध्यक्षता में हुई. बैठक में प्रखंड क्षेत्र के विकास कार्यों, विभिन्न योजनाओं और जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. पंचायत समिति सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की.
बैठक में 16वीं वित्त आयोग के संबंध में जनप्रतिनिधियों को जानकारी दी गयी. इसके तहत योजनाओं के चयन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया. सदस्यों ने क्षेत्र की जरूरत के अनुसार विकास योजनाओं को प्राथमिकता देने पर सहमति जतायी.
एपीएचसी के लिए जमीन चयन का उठा मामला
मुस्तफाबाद में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए जमीन चयन का मुद्दा बैठक में उठा. वहीं कर्णपुरा और हेतिमपुर पंचायत में प्रस्तावित पंचायत सरकार भवन के निर्माण की स्थिति की सदस्यों ने जानकारी मांगी. सदस्यों ने पूछा कि दोनों पंचायतों में भवन निर्माण का कार्य कब तक शुरू होगा. जामो पंचायत में पंचायत सरकार भवन निर्माण का मामला भी बैठक में उठाया गया.
कर्णपुरा पंचायत के मुखिया अखिलेश्वर तिवारी ने बताया कि पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए पूर्व में चिन्हित जमीन कम पड़ गयी है. इस कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है. उन्होंने पर्याप्त जमीन जल्द चिन्हित कर भवन निर्माण शुरू कराने की मांग की.
तालाब निर्माण में अनियमितता का मामला उठा
हेतिमपुर पंचायत में तालाब निर्माण के दौरान कथित अनियमितता का मामला भी सदस्यों ने उठाया. सदस्यों ने मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बरती जानी चाहिए.
सरकारी जमीन पर दुकान चलाने वालों को भेजा जायेगा नोटिस
पचपकड़िया पकड़ी बाजार में निजी व्यक्ति द्वारा प्रतिदिन बाजार की राशि वसूले जाने का मामला बैठक में छाया रहा. सदस्यों ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र के अधिकांश बाजारों में सरकारी जमीन पर दुकानें संचालित हो रही हैं. ऐसे दुकानदारों से नियमानुसार राजस्व की वसूली की जानी चाहिए.
इस पर अंचलाधिकारी अतुल कुमार ने कहा कि जल्द ही संबंधित दुकानदारों को नोटिस भेजा जायेगा. इसके बाद सरकारी जमीन पर दुकान संचालित करने वाले दुकानदारों से नियमानुसार राशि की वसूली शुरू की जायेगी. बैठक में सरकारी डाक के संबंध में भी जानकारी मांगी गयी.
जामो में गंदगी का मामला उठा
जामो पंचायत में गंदगी का मामला उठाते हुए सदस्यों ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की. सदस्यों ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. पंचायत क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गयी.
प्रमुख रजिया खातून ने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों का बेहतर तरीके से निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. विभागीय कार्यों में लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए.
बैठक में बीडीओ डॉ. अभय कुमार, सीओ अतुल कुमार, बीडीसी रामविचार मांझी, जुगुनू खातून, प्रेमचंद पटेल, मृत्युंजय मिश्रा, नौशाद अली, रामा सिंह, अखिलेश महाराज, कृष्ण प्रसाद, मुखिया परशुराम महतो, सोबरातन बीबी, मोख्तार यादव, अखिलेश्वर तिवारी समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










