एजेंसियों की सफाई व्यवस्था पर जतायी गयी नाराजगी

Updated at : 16 Mar 2026 9:48 PM (IST)
विज्ञापन
एजेंसियों की सफाई व्यवस्था पर जतायी गयी नाराजगी

नगर परिषद सीवान की सशक्त स्थायी समिति की बैठक सोमवार को मुख्य पार्षद सेंपी देवी की अध्यक्षता में हुई. बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, नाला सफाई और टूटे हुए स्लैब की मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में मुख्य पार्षद ने कहा कि नगर परिषद की प्राथमिकता शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाना है.

विज्ञापन

प्रतिनिधि,सीवान.नगर परिषद सीवान की सशक्त स्थायी समिति की बैठक सोमवार को मुख्य पार्षद सेंपी देवी की अध्यक्षता में हुई. बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, नाला सफाई और टूटे हुए स्लैब की मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में मुख्य पार्षद ने कहा कि नगर परिषद की प्राथमिकता शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाना है.उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया जाएगा कि वे पर्याप्त मजदूर की व्यवस्था करें और नियमित रूप से कूड़ा उठाव तथा नाला सफाई का कार्य करें. उन्होंने कहा कि मानसून से पहले सभी नालों की सफाई और टूटे स्लैब की मरम्मत सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि शहरवासियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. बैठक में उपस्थित मुख्य पार्षद सहित अन्य सदस्यों ने कहा कि जब से शहर की सफाई का जिम्मा तीन नयी आउटसोर्सिंग एजेंसियों को दिया गया है, तब से व्यवस्था काफी बिगड़ गई है. शहर के कई हिस्सों में कूड़े का अंबार लगा हुआ है और समय पर कूड़ा उठाव नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई कूड़ा प्वाइंट पर दोपहर तक कूड़ा पड़ा रहता है.जिससे दुर्गंध फैलती है.जनप्रतिनिधियों ने बताया कि कूड़ा समय पर नहीं उठने से कई जगहों पर सड़कें संकरी हो जाती हैं और जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है.खासकर स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्रों को काफी परेशानी होती है.इसके अलावा मरीजों और उनके परिजनों को भी अस्पताल आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. शहर में आने वाले लोगों को भी गंदगी और दुर्गंध के कारण असुविधा हो रही है. बैठक में यह भी कहा गया कि शहर के अधिकांश नालों की सफाई नहीं हो रही है, जिसके कारण कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. सड़क पर पानी जमा रहने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है.समिति के सदस्यों ने चिंता जताई कि कुछ ही महीनों में मानसून का मौसम शुरू होने वाला है, लेकिन अभी तक बड़े पैमाने पर नाला सफाई का काम शुरू नहीं किया गया है.अगर समय रहते सफाई नहीं हुई तो बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है.सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि सफाई एजेंसियों के पास पर्याप्त मजदूर और जरूरी उपकरण नहीं हैं.जिसके कारण काम ठीक से नहीं हो पा रहा है. इस पर बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर परिषद की ओर से जरूरत पड़ने पर जेसीबी मशीन किराये पर लेकर नाला सफाई का कार्य कराया जाएगा. साथ ही कूड़ा उठाव की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए छोटे ठेले की खरीद करने का भी निर्णय लिया गया.इसके अलावा शहर के कई मोहल्लों में नालों पर लगे स्लैब टूटे हुए हैं.जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए बैठक में जल्द से जल्द टूटे हुए स्लैब की मरम्मत कराने पर भी चर्चा की गई.बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता, उपमुख्य पार्षद किरण गुप्ता और पार्षद प्रेमशीला देवी, गायत्री देवी,राजकुमार बासफोर सहित अन्य सदस्य मौजूद थे.

विज्ञापन
DEEPAK MISHRA

लेखक के बारे में

By DEEPAK MISHRA

DEEPAK MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन