सीवान में दलालों के चंगुल से छुड़ाईं गईं 21 नाबालिग लड़कियां, आर्केस्ट्रा अड्डों पर पुलिस का बड़ा एक्शन

पचरुखी में पुलिस ने नाबालिग लड़कियों को छुड़ाया
Bihar Crime News: सीवान में पुलिस ने आर्केस्ट्रा अड्डों पर बड़ी छापेमारी कर 21 नाबालिग लड़कियों को बरामद किया है. कार्रवाई के बाद संचालकों और दलालों में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है.
Bihar Crime News: सीवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस ने कई आर्केस्ट्रा अड्डों पर एक साथ छापेमारी की. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर महिला थाना अध्यक्ष सोनी कुमारी के नेतृत्व में की गई. अचानक हुई इस छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया और आर्केस्ट्रा संचालकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 21 नाबालिग लड़कियों को बरामद किया. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि इन लड़कियों से अवैध रूप से जबरन काम कराया जा रहा था. पुलिस ने सभी लड़कियों को तुरंत सुरक्षित संरक्षण में लिया और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि उन्हें सकुशल घर भेजा जा सके.
जबरन काम कराने का खुलासा
महिला थाना अध्यक्ष सोनी कुमारी ने बताया कि यह अभियान थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में एक साथ चलाया गया. पुलिस टीम ने कई संदिग्ध ठिकानों को चिन्हित कर वहां छापेमारी की, जहां नाबालिग लड़कियों के शोषण की आशंका थी. कार्रवाई के दौरान कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान करने का काम जारी है.
एजेंट और दलालों का नेटवर्क
जांच में यह भी पता चला है कि इस पूरे नेटवर्क में आर्केस्ट्रा संचालकों के अलावा एजेंट और दलाल भी शामिल हैं, जो नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर या जबरन इन अड्डों तक लाते थे. पुलिस अब इस गिरोह की जड़ तक पहुंचने के लिए गहन जांच कर रही है.
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह कार्रवाई मानव तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी पहल मानी जा रही है. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस मुहिम की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि समाज में इस तरह की कुरीतियों पर लगाम लगाई जा सके.
(पचरुखी, सीवान से कन्हैया शाह की रिपोर्ट)
Also Read: पटना में राजमिस्त्री की पीट-पीटकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










