सीवान के बड़हरिया बाजार में ट्रक और पिकअप आमने-सामने आने से लगा भीषण जाम, आधे घंटे तक यातायात रहा बाधित
जाम से जूझता मुख्य बाजार, जामो चौक के पास लगा जाम
सीवान के बड़हरिया बाजार में गुरुवार को ट्रक और पिकअप के आमने-सामने आने से भीषण जाम लग गया. अतिक्रमण और पार्किंग की समस्या के कारण आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई. स्थानीय लोग स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं.
Siwan News: सीवान जिले के बड़हरिया बाजार में गुरुवार की दोपहर जामो चौक से थाना चौक तक अचानक भीषण जाम लग गया. ट्रक और पिकअप के विपरीत दिशाओं से बाजार में प्रवेश करते ही सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. करीब आधे घंटे तक राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
स्थानीय लोगों के अनुसार जामो चौक से थाना चौक के बीच की सड़क लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या से जूझ रही है. हालांकि नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू होने के बाद जाम की समस्या में काफी हद तक कमी आई है, लेकिन सड़क किनारे स्थायी रूप से लगने वाले ठेलों और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण परेशानी अब भी बनी हुई है.
बताया जाता है कि कई दुकानों के सामने स्थायी रूप से ठेले लगाए जाने से सड़क की चौड़ाई कम हो गई है. वहीं बाजार में पार्किंग और वाहन स्टैंड की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्राहक और दुकानदार अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर देते हैं. इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क संकरी होने के कारण जब भी दो बड़े वाहन आमने-सामने आ जाते हैं, यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है. गुरुवार को भी ट्रक और पिकअप के एक साथ विपरीत दिशाओं से आने के कारण यही स्थिति उत्पन्न हुई.
लोगों का कहना है कि सड़क के पश्चिमी हिस्से में चल रहा नाला निर्माण कार्य भी यातायात प्रभावित होने का एक प्रमुख कारण है. निर्माण कार्य के चलते सड़क और संकरी हो गई है, जिससे बड़े वाहनों के गुजरने में अतिरिक्त कठिनाई होती है.
जाम की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी और चौकीदार मौके पर पहुंचे. उन्होंने वाहनों को व्यवस्थित ढंग से निकलवाकर यातायात बहाल कराया. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हो सकी.
स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने, पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने तथा बड़े वाहनों के प्रवेश के लिए निर्धारित समय तय करने की मांग की है. उनका कहना है कि इन उपायों को लागू करने से भविष्य में जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











