'बिहार के अस्पतालों में हो रहा AI का इस्तेमाल', हेल्थ मिनिस्टर बोले- बेड से लेकर डॉक्टरों की मौजूदगी तक, सब कुछ होगा ट्रैक
कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत करते स्वास्थ्य मंत्री निशांत
Bihar News: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में AI का इस्तेमाल किया जा रहा है. इसकी मदद से अस्पतालों में बेड की उपलब्धता, डॉक्टरों की मौजूदगी और दवा वितरण जैसी सेवाओं की बेहतर निगरानी की जा रही है.
Bihar News: बिहार विधानसभा में गुरुवार को आयोजित विशेष प्रबोधन कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हर क्षेत्र में अहम भूमिका निभाएगा. उन्होंने कहा कि बिहार में AI को बढ़ावा मिलने से स्वास्थ्य, रोजगार, उद्योग और ग्रामीण विकास जैसे कई क्षेत्रों में बदलाव देखने को मिलेगा.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने AI के संवेदिकरण एवं मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के कार्यान्वयन के संदर्भ में प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन किया. इस कार्यक्रम का आयोजन विधानमंडल के विस्तारित भवन में किया गया. कार्यक्रम में एमकेवीआई वेब पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया, जिसके जरिए क्षेत्र विकास योजनाओं की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी.
स्वास्थ्य विभाग में भी किया जा रहा AI का इस्तेमाल- निशांत
निशांत कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में AI आधारित तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है. इसकी मदद से अस्पतालों में बेड की उपलब्धता, डॉक्टर मौजूद हैं या नहीं, उनकी उपस्थिति और मरीजों को दवा मिल रही है या नहीं, जैसी जानकारियां आसानी से मिल सकेंगी.
उन्होंने कहा कि डेटा एंट्री के लिए भी AI सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जा रहा है. इससे काम की गति बढ़ी है और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिल रही है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
लोगों तक योजनाएं पहुंचाने में मिलेगी मदद
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि AI के जरिए सरकार की योजनाओं और जरूरी जानकारियों को लोगों तक तेजी से पहुंचाया जा सकेगा. इससे प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय बनेगा. उन्होंने कहा कि तकनीक का सही इस्तेमाल विकास कार्यों को और अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाएगा.
जनप्रतिनिधियों को भी दी गई नई तकनीक की जानकारी
विधानसभा में आयोजित विशेष प्रबोधन कार्यक्रम में विधायकों को AI और डिजिटल तकनीक के उपयोग की जानकारी दी गई. निशांत कुमार ने मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार का धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाएंगे. इससे वे अपने क्षेत्र की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे और विकास कार्यों की निगरानी भी अधिक प्रभावी तरीके से कर पाएंगे.
उन्होंने विश्वास जताया कि नई तकनीक के बेहतर उपयोग से बिहार को समृद्ध और विकसित राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए