सीवान के बड़हरिया में किसानों को अरहर की उन्नत खेती का प्रशिक्षण, 117 किसान बिहार कृषि ऐप से जुड़े
कार्यशाला में उपस्थित कृषि कर्मी और किसान
सीवान के बड़हरिया प्रखंड में अरहर की उन्नत खेती पर किसानों को प्रशिक्षण दिया गया. इस सत्र में 117 किसानों को बिहार कृषि ऐप से जोड़ा गया, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं और तकनीकी जानकारी का लाभ मिलेगा.
Siwan News: बड़हरिया प्रखंड की हरदोबारा पंचायत के हरदोबारा गांव (पूरब टोला) में आत्मनिर्भर दलहन योजना के तहत अरहर की खेती पर प्रथम सत्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. प्रशिक्षण में किसानों को दलहनी फसलों की वैज्ञानिक खेती, मृदा संरक्षण तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
दलहनी फसलों की खेती के फायदे बताए गए
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को बताया गया कि जिन फसलों में दो दालें निकलती हैं, उन्हें दलहनी फसल कहा जाता है. इन फसलों में खाद और पानी की अपेक्षाकृत कम आवश्यकता होती है तथा इनकी खेती ऊंची भूमि पर आसानी से की जा सकती है, जहां जलजमाव की समस्या नहीं होती.
मृदा की सेहत के लिए दलहनी फसल जरूरी
कृषि तकनीकी प्रबंधक (एटीएम) ने बताया कि किसानों की घटती रुचि और नीलगायों के बढ़ते उत्पात के कारण दलहनी फसलों की खेती लगातार कम होती जा रही है. इसका प्रतिकूल प्रभाव मिट्टी की उर्वरता पर पड़ रहा है. उन्होंने किसानों से दलहनी फसलों की खेती बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों में भी यह फसल मृदा की सेहत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.
उन्होंने किसानों को सलाह दी कि बुआई से पहले बीजों का राइजोबियम कल्चर से उपचार अवश्य करें. इससे पौधों की जड़ों में वायुमंडलीय नाइट्रोजन का स्थिरीकरण होता है, जिससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और बेहतर उत्पादन मिलता है.
117 किसानों को बिहार कृषि ऐप से जोड़ा गया
प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तथा बिहार कृषि ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. इस दौरान हरदोबारा पंचायत के 117 किसानों को बिहार कृषि ऐप से जोड़ा गया, ताकि उन्हें कृषि संबंधी योजनाओं और तकनीकी जानकारी का लाभ समय पर मिल सके.
कार्यक्रम में प्रखंड कृषि विभाग के कृषि समन्वयक बृजेश कुमार पाठक, किसान सलाहकार दिलीप कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











