मुहर्रम को लेकर शेखपुरा प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील इलाकों पर रहेगी विशेष नजर, सभी बीडीओ-थानाध्यक्षों को 24 घंटे सतर्क रहने का निर्देश
प्रतीकात्मक तस्वीर
Sheikhpura News : मुहर्रम को शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन की फुल तैयारी, अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी. बोले एसपी- 'शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई', नीचे पढ़िए पूरी खबर.
Sheikhpura News : शेखपुरा जिले में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. इसी कड़ी में समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक में सभी बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्षों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.
अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के निर्देश
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के दौरान जिले के 73 चिन्हित स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी. सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सके. बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर भाईचारा एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखें. प्रशासन ने आम लोगों से भी अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है.
शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : एसपी
जिलाधिकारी ने कहा कि मुहर्रम के दौरान सड़क सुरक्षा, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जिले में शांति बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे. प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










