रोहतास: चेनारी में स्वास्थ्य विभाग ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंजा शहर
तिरंगा यात्रा में शामिल लोग
स्वतंत्रता दिवस के उत्साह में स्वास्थ्य विभाग, सुरक्षा गार्डों, आशा बहनों और शहरवासियों ने चेनारी में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया. हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति के नारों के साथ यह यात्रा नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम जगाने का एक सशक्त माध्यम बनी.
Rohtas Tiranga Yatra: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से नगर पंचायत चेनारी में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को तिरंगा यात्रा निकाली गयी. हाथों में तिरंगा लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य कर्मी, सुरक्षा गार्ड, आशा और शहरवासियों ने उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया. इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा.
संत सिंह चौक से शुरू हुई तिरंगा यात्रा
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे संत सिंह चौक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेनारी के परिसर से तिरंगा यात्रा शुरू हुई. यात्रा में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी, आशा, सुरक्षा गार्ड और आम लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कतारबद्ध होकर शामिल हुए. उनके उत्साह और देशभक्ति के नारों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया.
लहराते तिरंगे ने बढ़ाया देशभक्ति का जोश
तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में लहराता राष्ट्रीय ध्वज शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा. भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरे रास्ते का माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा. स्थानीय लोगों ने भी यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया.
बीडीओ, सीओ समेत अधिकारी और जनप्रतिनिधि हुए शामिल
तिरंगा यात्रा में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, अंचलाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार, चेनारी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संजीत कुमार, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक धनंजय कुमार, प्रखंड प्रसार प्रशिक्षक राज कुमार राम, प्रखंड लेखा प्रबंधक विकास प्रसाद, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक प्रीति कुमारी सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेनारी की आशा बहनें, सुरक्षा गार्ड, अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए.
नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम जगाना उद्देश्य
बीएचएम धनंजय कुमार ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के महत्व को लोगों तक पहुंचाना है. इसके साथ ही नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है.
'तिरंगा देश की आन, बान और शान'
प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका कुमारी और अंचलाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे. उन्होंने लोगों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में योगदान देने की अपील की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










