रोहतास: जनगणना 2027 की तैयारी: ग्राम-नगर निर्देशिका के आंकड़ों के संकलन को लेकर नोखा में बैठक, SOP के पालन का निर्देश
बैठक को संबोधित करते बीडीओ शेफाली
रोहतास में 2027 की जनगणना के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं. ग्राम एवं नगर निर्देशिका के लिए डेटा संग्रह 1 से 30 अगस्त 2026 तक चलेगा. बैठक में मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पूरी तरह पालन करने पर जोर दिया गया.
Rohtas Census 2027 Preparation: नोखा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को भारत की जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी शेफाली ने की. इसमें जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी एवं क्षेत्रीय स्तर के कर्मचारी शामिल हुए. बैठक में ग्राम एवं नगर निर्देशिका से संबंधित आंकड़ों के संग्रहण एवं संकलन की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गयी. बीडीओ शेफाली ने जनगणना कार्य से जुड़े कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आंकड़ा संग्रहण का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.
1 से 30 अगस्त तक होगा आंकड़ों का संग्रहण
बीडीओ शेफाली ने बताया कि जनगणना कार्य के तहत क्षेत्रीय स्तर पर आंकड़ा संग्रहण के लिए एक अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक की समय-सीमा निर्धारित की गयी है. इस अवधि में ग्राम एवं नगर स्तर पर उपलब्ध आवश्यक सूचनाओं एवं आंकड़ों को निर्धारित प्रारूप में एकत्र किया जाना है. उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में आंकड़ा संग्रहण का कार्य पूरा करें.
SOP का पूरी तरह पालन करने का निर्देश
बीडीओ ने कहा कि आंकड़ों के संग्रहण के दौरान निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पूरी तरह पालन किया जाए. क्षेत्रीय कर्मी निर्धारित बिंदुओं के अनुसार गांव एवं नगर स्तर पर सूचनाएं जुटाएं. संग्रहित आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया. बैठक में बताया गया कि क्षेत्र से प्राप्त आंकड़ों का सत्यापन एवं संकलन करने के बाद जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने की प्रक्रिया में इसका उपयोग किया जाएगा.
लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत
बीडीओ शेफाली ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कर्मियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा क्षेत्र में किसी प्रकार की कठिनाई आने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने को कहा. उन्होंने समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से कार्य पूरा करने का आग्रह किया. बैठक में जनगणना कार्य को महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी बताते हुए सभी कर्मियों को गंभीरता से दायित्व निभाने का निर्देश दिया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










