रोहतास के गुप्ता धाम में हादसा: पनियारी पहाड़ पर धक्का-मुक्की में नीचे गिरे दो श्रद्धालु, ओबरा के एक व्यक्ति की मौत, साथी गंभीर

Updated:
विज्ञापन

सदमे में अमरपुरा गांव के ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

Aurangabad News: रोहतास स्थित गुप्ता धाम के दर्शन को निकले श्रद्धालुओं के साथ पनियारी पहाड़ पर दर्दनाक हादसा हुआ. धक्का-मुक्की के कारण दो श्रद्धालु गहरी खाई में गिर गए, जिसमें ओबरा के एक व्यक्ति की मौत हो गई और साथी गंभीर रूप से घायल हो गए.

विज्ञापन

Aurangabad News: रोहतास स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गुप्ता धाम में दर्शन-पूजन के लिए जा रहे औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड के श्रद्धालुओं के साथ सोमवार को पनियारी पहाड़ पर दर्दनाक हादसा हो गया. पहाड़ पर चढ़ाई के दौरान मची भारी भीड़ और धक्का-मुक्की के कारण दो श्रद्धालु अनियंत्रित होकर गहरे पहाड़ से नीचे गिर गए. इस दर्दनाक हादसे में औरंगाबाद के ओबरा थाना अंतर्गत शंकरपुर गांव निवासी 35 वर्षीय शंभू मेहता (रेलवे कर्मचारी) की मौत हो गई, जबकि उनके साथी अमरपुरा गांव निवासी प्रयाग मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

संकीर्ण रास्ते पर हुई धक्का-मुक्की

जानकारी के अनुसार, ओबरा के अमरपुरा गांव निवासी प्रयाग मेहता, रामजी मेहता और शंकरपुर गांव निवासी शंभू मेहता सोमवार की सुबह एक साथ गुप्ता धाम में भोलेनाथ का दर्शन-पूजन करने के लिए निकले थे. सावन/सोमवारी का दिन होने के कारण गुप्ता धाम के पहाड़ी मार्ग पर लाखों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा था. पनियारी पहाड़ पर चढ़ने का रास्ता काफी संकीर्ण होने के कारण कई जगहों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और जाम की स्थिति बन गई. इसी दौरान धक्का-मुक्की के बीच शंभू और प्रयाग असंतुलित होकर पहाड़ी से नीचे जा गिरे.

Also Read: सावन की दूसरी सोमवारी से पहले रोहतास के गुप्ता धाम में उमड़ा भक्तों का भीड़, कैमूर की पहाड़ियों में गूंजा ‘बोल बम’

परिजनों में मचा कोहराम

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक शंभू मेहता के शंकरपुर गांव और घायल प्रयाग मेहता के अमरपुरा गांव में कोहराम मच गया. स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. शंभू मेहता रेलवे में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे. घटना की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. वहीं प्रयाग मेहता की गंभीर स्थिति को लेकर भी स्वजन और ग्रामीण काफी चिंतित हैं.

गुप्ता धाम मार्ग पर भीड़ नियंत्रण पर उठे गंभीर सवाल

इस हादसे ने गुप्ता धाम जाने वाले दुर्गम और संकीर्ण पहाड़ी मार्ग पर जिला प्रशासन एवं पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था व भीड़ नियंत्रण के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. श्रद्धालुओं का कहना है कि अत्यधिक भीड़ के बावजूद संकीर्ण रास्तों पर पुलिस बल और बैरिकेडिंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण अक्सर हादसे की आशंका बनी रहती है.

Also Read: रोहतास: गुप्ता धाम में दूसरी सोमवारी पर चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, बोल बम के जयकारों से गूंज रहा है मंदिर परिसर


विज्ञापन
ब्रजेश द्विवेदी

लेखक के बारे में

By ब्रजेश द्विवेदी

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन