सावन की दूसरी सोमवारी से पहले रोहतास के गुप्ता धाम में उमड़ा भक्तों का भीड़, कैमूर की पहाड़ियों में गूंजा ‘बोल बम’

Updated:
विज्ञापन

फोटो कैप्शन गुप्ता धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ | Prabhat Khabar Network

सावन की दूसरी सोमवारी से पहले कैमूर के गुप्ता धाम में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। बाबा गुप्तेश्वर नाथ के दर्शन के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

विज्ञापन

Sawan 2026 : सावन की दूसरी सोमवारी से पहले ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल गुप्ता धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. रविवार की सुबह से ही दुर्गावती डैम से गुप्ता धाम जाने वाले मार्ग पर हजारों श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई. वन विभाग के चेक पोस्ट वाले रास्ते से बड़ी संख्या में बाइक सवार शिवभक्त गुप्ता धाम पहुंचते नजर आए. दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई और पूरे कैमूर पहाड़ी क्षेत्र में ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा गुप्तेश्वर नाथ’ के जयकारे गूंजते रहे.

दूसरी सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में दिखा खास उत्साह

सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है. रोहतास, कैमूर समेत आसपास के जिलों के अलावा दूर-दराज के इलाकों से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त गुप्ता धाम पहुंच रहे हैं. श्रद्धालु अपने साथ पूजा सामग्री, जल और बेलपत्र लेकर बाबा गुप्तेश्वर नाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं.

बाइक सवार श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के कारण दुर्गावती डैम से गुप्ता धाम जाने वाले मार्ग पर लगातार वाहनों की आवाजाही बनी हुई है. पहाड़ी रास्ते पर जगह-जगह शिवभक्तों की भीड़ और वाहनों की कतार से पूरा इलाका भक्तिमय नजर आया.

सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है. गुप्ता धाम से लेकर दुर्गावती डैम तक महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने, वाहनों को नियंत्रित करने और किसी भी तरह की परेशानी से बचाने में जुटे हैं.

पुलिस प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने और निर्धारित मार्ग से ही आवागमन करने की अपील की जा रही है. पु.अनि. सह थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार स्वयं गुप्ता धाम से दुर्गावती डैम तक लगातार निरीक्षण कर रहे हैं. इस दौरान वह रास्ते में तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के साथ श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी ले रहे हैं.

दूसरी सोमवारी पर और बढ़ सकती है भीड़

थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने कहा कि सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर गुप्ता धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. गुप्ता धाम से दुर्गावती डैम तक लगातार निगरानी रखी जा रही है.

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का निर्देश दिया गया है. किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं होने दी जाएगी.

प्राकृतिक गुफा में विराजमान हैं बाबा गुप्तेश्वर नाथ

गुप्ता धाम की सबसे बड़ी धार्मिक विशेषता कैमूर पहाड़ी की प्राकृतिक गुफा के अंदर स्थापित बाबा गुप्तेश्वर नाथ का पवित्र शिवलिंग है. यह शिवलिंग श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है. मान्यता है कि बाबा गुप्तेश्वर नाथ के दर्शन और जलाभिषेक से भक्तों को आध्यात्मिक शांति और मनोकामना पूर्ति का आशीर्वाद मिलता है.

सावन के महीने में गुप्ता धाम का धार्मिक महत्व और बढ़ जाता है. गुफा के भीतर बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु लंबी दूरी तय कर पहुंचते हैं. यहां पहुंचने के बाद हर-हर महादेव, बोल बम और जय बाबा गुप्तेश्वर नाथ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है.

जयघोष से भक्तिमय हुआ कैमूर का पहाड़ी इलाका

रविवार को गुप्ता धाम जाने वाले रास्ते पर अलग ही नजारा देखने को मिला. बाइक से पहुंच रहे श्रद्धालु रास्ते भर बाबा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते नजर आए. कई जगहों पर श्रद्धालु रुककर आराम करते और फिर अपनी यात्रा जारी रखते दिखे.

पहाड़ी मार्ग पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से श्रद्धालुओं में सुरक्षा का भरोसा भी नजर आया. प्रशासन की ओर से भीड़ को देखते हुए लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार दूसरी सोमवारी को श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है. इसे देखते हुए गुप्ता धाम और दुर्गावती डैम के बीच आने-जाने वाले मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.

सावन की दूसरी सोमवारी से पहले गुप्ता धाम में उमड़ी भीड़ ने बाबा गुप्तेश्वर नाथ के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था की तस्वीर सामने रख दी है. कैमूर की पहाड़ियों में गूंजता ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना रहा है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन