रोहतास में दिव्यांग छात्रों के लिए 10 से 12 अगस्त तक लगेगा मूल्यांकन-सह-जांच शिविर, तीन अनुमंडलों में होगी जांच

Updated:
विज्ञापन

फोटो कैप्शन: जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय . | Prabhat Khabar Network

सासाराम, डेहरी और बिक्रमगंज में पीएमश्री स्कूलों के दिव्यांग छात्रों के लिए 10 से 12 अगस्त तक मूल्यांकन-सह-जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

विज्ञापन

Rohtas News : रोहतास जिले के पीएमश्री स्कूलों में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों के मूल्यांकन और जांच के लिए सोमवार से तीन दिवसीय शिविर शुरू होगा. 10 से 12 अगस्त तक सासाराम, डेहरी और बिक्रमगंज अनुमंडल में अलग-अलग तिथियों पर मूल्यांकन-सह-जांच शिविर आयोजित किया जायेगा. शिविर के माध्यम से दिव्यांग छात्रों की जरूरतों का आकलन कर उन्हें सरकार की विभिन्न शैक्षणिक और सहायक योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जायेगा.

10 अगस्त को सासाराम में होगी जांच

जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने बताया कि राज्य परियोजना निदेशक, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना के निर्देश पर शिविर का आयोजन किया जा रहा है. 10 अगस्त को सासाराम अनुमंडल के चिह्नित पीएमश्री स्कूलों में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों के लिए पीएमश्री उच्च स्कूल, चौखंडीपथ, सासाराम में शिविर लगेगा.

11 अगस्त को डेहरी और 12 को बिक्रमगंज में शिविर

11 अगस्त को डेहरी अनुमंडल के छात्रों के लिए पीएमश्री एके जैन उच्च स्कूल, दरिहट में मूल्यांकन-सह-जांच शिविर आयोजित होगा. वहीं 12 अगस्त को बिक्रमगंज अनुमंडल के छात्रों की जांच पीएमश्री उच्च स्कूल, तेंदुनी में की जायेगी.

तीनों स्थानों पर सुबह 10:30 बजे से शाम चार बजे तक छात्रों का मूल्यांकन और जांच की जायेगी. शिविर में सभी श्रेणी के दिव्यांग छात्रों को शामिल किया जायेगा.

मेडिकल बोर्ड के चिकित्सक भी रहेंगे मौजूद

जांच के दौरान विशेषज्ञ कर्मियों के साथ मेडिकल बोर्ड के चिकित्सक भी मौजूद रहेंगे. संबंधित पीएमश्री उच्च एवं मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को छात्रों और उनके अभिभावकों को निर्धारित तिथि पर शिविर में पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गयी है.

शिविर में शामिल होने वाले छात्रों की सूची भी तैयार की जायेगी. विशेषज्ञ कर्मियों और मेडिकल बोर्ड के चिकित्सकों के समन्वय से जांच पूरी होने के बाद प्रत्येक छात्र की जरूरत के अनुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी.

जरूरत के अनुसार मिलेगी सरकारी योजनाओं की मदद

जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने बताया कि मूल्यांकन के माध्यम से यह स्पष्ट हो सकेगा कि किस दिव्यांग छात्र को किस तरह की सहायता की आवश्यकता है. इसके आधार पर छात्रों को सरकार की शैक्षणिक और अन्य सहायक योजनाओं का लाभ दिलाने में सुविधा होगी.

उन्होंने बताया कि शिविर को लेकर संबंधित पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और पीएमश्री स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं.

अभिभावकों से बच्चों को शिविर में लाने की अपील

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने बच्चों के साथ संबंधित शिविर स्थल पर पहुंचें, ताकि जांच और मूल्यांकन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके. प्रशासन का उद्देश्य जांच के बाद दिव्यांग छात्रों की वास्तविक जरूरतों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन