औरंगाबाद: कुटुंबा पैक्स चुनाव में आज होगा बड़ा फैसला, 5539 मतदाताओं की नजर, शाम तक आएगा रिजल्ट
सांकेतिक तस्वीर
Kutumba PACS Election में सुही और बलिया पैक्स के लिए आज मतदान होगा. 5539 मतदाता करेंगे फैसला, शाम पांच बजे से शुरू होगी मतगणना और परिणाम जारी होगा.
Aurangabad News : कुटुंबा प्रखंड के सुही एवं बलिया पैक्स के लिए मंगलवार को मतदान कराया जाएगा. चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. दोनों पंचायतों में कुल नौ मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुबह सात बजे से शाम साढ़े चार बजे तक मतदान होगा. मतदान के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे. निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ प्रियांशु बसु ने बताया कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी बूथों पर पुलिस बल तथा दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. इसके अलावा वरीय अधिकारियों को भी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. सोमवार को मतदान कर्मियों को आवश्यक चुनाव सामग्री उपलब्ध कराकर संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है.
सुही में चार, बलिया में पांच मतदान केंद्र
सुही पैक्स में अध्यक्ष पद के साथ सामान्य वर्ग के चार सदस्य पदों के लिए मतदान कराया जाएगा. इसके लिए मध्य विद्यालय सुही में चार मतदान केंद्र बनाए गए हैं. वहीं बलिया पैक्स के चुनाव के लिए मध्य विद्यालय बलिया में पांच मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं. निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुही पैक्स में कुल 2213 मतदाता हैं, जबकि बलिया पैक्स में 3326 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इस प्रकार दोनों पंचायतों में कुल 5539 मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे.
अध्यक्ष पद पर सीधा मुकाबला
दोनों पैक्स में अध्यक्ष पद के लिए दो-दो उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. इनमें एक-एक निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष भी शामिल हैं. चुनाव को लेकर दोनों पंचायतों में मतदाताओं के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है. प्रत्याशियों ने भी अंतिम समय तक जनसंपर्क अभियान चलाया.
मतदान के बाद शुरू होगी मतगणना
निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि शाम साढ़े चार बजे मतदान समाप्त होने के बाद शाम पांच बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी. मतगणना के लिए प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित बहुउद्देशीय भवन में विशेष व्यवस्था की गई है. मतगणना के लिए पांच टेबल निर्धारित किए गए हैं. मतगणना पूरी होने के साथ ही विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया जाएगा. प्रशासन का दावा है कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक इंतजाम किए गए हैं.
ALSO READ: पटना में आज बादल छाए रहने के आसार, हल्की बारिश के बीच 35 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










