रोहतास में चेहल्लुम को लेकर प्रशासन अलर्ट, जुलूस मार्गो का हुआ निरीक्षण, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

फोटो कैप्शन: चेहल्लुम को लेकर जुलूस मार्गो का निरीक्षण करते सासाराम के अंचलाधिकारी, नगर थाना अध्यक्ष, मरकज़ी मुहर्रम कमिटी और नगर पूजा समिति के प्रतिनिधि | Prabhat Khabar Network
सासाराम सहित पूरे जिले में आज चेहल्लुम का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। ताजिया जुलूस के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
Rohtas news : मुस्लिम समुदाय का चेहल्लुम पर्व मंगलवार को जिले भर में धार्मिक आस्था और परंपरा के साथ मनाया जाएगा. इस अवसर पर सासाराम शहर सहित जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में ताजिया जुलूस, अखाड़ा प्रदर्शन और झांकियां निकाली जाएंगी. शहर के विभिन्न इमाम चौकों पर फातिहा खानी और कई स्थानों पर कुरान खानी का आयोजन होगा. परंपरा के अनुसार ताजिए निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए विभिन्न चौकों और इमाम चौकों तक पहुंचेंगे, जहां बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे.
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, जुलूस मार्गों का निरीक्षण
चेहल्लुम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर दंडाधिकारी के नेतृत्व में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. वहीं सासाराम के अंचलाधिकारी खुशबू गौतम, नगर थाना अध्यक्ष शिवेंद्र कुमार, मरकज़ी मुहर्रम कमिटी और नगर पूजा समिति के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण किया.
यातायात और सुरक्षा पर विशेष नजर
निरीक्षण के दौरान जुलूस मार्गों पर सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का आकलन किया गया, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या बाधा उत्पन्न न हो. पुलिस अधिकारियों को लगातार गश्त करने और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया गया है.
प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील
मोहर्रम कमिटी के जिला महासचिव अखलाक अहमद रिजवी ने बताया कि ताजियों के लिए लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं. उन्होंने सभी ताजिया कमिटियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है.
शांतिपूर्ण आयोजन के लिए तैयारियां पूरी
प्रशासन और आयोजन समितियों ने जिलेवासियों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ चेहल्लुम मनाने की अपील की है. पर्व को लेकर जिले भर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विभिन्न स्थानों पर अंतिम स्तर पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है. प्रशासनिक अधिकारी पूरे दिन सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे, ताकि सभी धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो सकें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










