बिक्रमगंज के करियावा बाल पर दो दिन गूंजेगा स्वर्वेद का पाठ, 5101 कुंडीय विश्व शांति वैदिक महायज्ञ की तैयारी शुरू

बिक्रमगंज के स्थल का निरीक्षण करते संत व आयोजक | Prabhat Khabar Network
बिक्रमगंज के करियावा बाल पर 31 अगस्त से दो दिवसीय विश्व शांति वैदिक महायज्ञ और स्वर्वेद पाठ का आयोजन होगा। जानिए कार्यक्रम की पूरी जानकारी यहाँ।
Rohtas News : विहंगम योग के प्रणेता अनंत श्री सद्गुरु सदाफलदेव जी महाराज की 139वीं जयंती के अवसर पर बिक्रमगंज के व्यवहार न्यायालय के समीप करियावा बाल में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक दो दिवसीय भव्य विहंगम योग समारोह आयोजित होगा. समारोह की तैयारियां विधिवत पूजा-अर्चना और 'अ' अंकित श्वेत ध्वजारोहण के साथ शुरू हो गई हैं. इस दौरान 5101 कुंडीय विश्व शांति वैदिक महायज्ञ का भी आयोजन किया जाएगा.
विश्व शांति और आध्यात्मिक जागरण होगा आयोजन का उद्देश्य
सोमवार को बिहार संरक्षक रामचंद्र तिवारी और कार्यक्रम संयोजक सियाराम सिंह ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि समारोह का मुख्य उद्देश्य विश्व शांति, मानव कल्याण और आध्यात्मिक जागरण का संदेश देना है. कार्यक्रम में पूज्य संत प्रवर श्री विज्ञानदेव जी महाराज की दिव्यवाणी के रूप में जय स्वर्वेद कथा तथा सद्गुरु आचार्य अनंत श्री स्वतंत्र देव जी महाराज के अमृत प्रवचनों का श्रद्धालु लाभ उठा सकेंगे.
देश के कई राज्यों से पहुंचेंगे श्रद्धालु
आयोजकों ने बताया कि समारोह में स्वर्वेद के सिद्धांतों और सद्गुरु सदाफलदेव जी महाराज के जीवन-दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा. बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए स्थानीय कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं.
श्रद्धालुओं के लिए रहेंगी सभी आवश्यक सुविधाएं
आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क आवासन, भोजन, दीक्षा संस्कार, योग प्रशिक्षण, प्राकृतिक चिकित्सा, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. बारिश की संभावना को देखते हुए वाटरप्रूफ भव्य पंडाल का निर्माण भी कराया जा रहा है.
युद्धस्तर पर चल रही हैं तैयारियां
आयोजन स्थल बिक्रमगंज रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर, सासाराम-आरा मुख्य सड़क स्थित धावा पुल से करीब दो किलोमीटर तथा बिक्रमगंज चौक से लगभग डेढ़ किलोमीटर उत्तर दिशा में स्थित है. तैयारियों में बिहार क्षेत्रीय कार्यालय के निर्देशक पी.एन. सिंह, संरक्षक डी.एन. सिंह, प्रधान परामर्शक ददन सिंह, जिला सचिव भृगु सिंह, अनुमंडल संयोजक रामधनी सिंह, विहंगम सुरक्षा बल प्रभारी आचार्य मयंक शास्त्री सहित सैकड़ों कार्यकर्ता जुटे हुए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










