सासाराम के श्री शंकर स्कूल में छह अगस्त को होगा रेड रिबन क्विज, 50 स्कूलों के 100 छात्र लेंगे भाग

Updated:
विज्ञापन
फोटो कैप्शन: श्री शंकर स्कूल तकिया का मुख्य गेट | Prabhat Khabar Network

श्री शंकर स्कूल तकिया का मुख्य गेट | Prabhat Khabar Network

रोहतास जिले में 6 अगस्त को रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य एचआईवी व किशोर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. इस प्रतियोगिता में जिले के 50 स्कूलों से 100 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे, जो विभिन्न स्वास्थ्य व सामान्य ज्ञान के प्रश्नों का उत्तर देंगे.

विज्ञापन

HIV AIDS Awareness : रोहतास जिले के सरकारी और निजी स्कूलों के छात्र-छात्राओं के बीच एचआईवी व किशोर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से छह अगस्त को रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता 2026 का आयोजन होगा. जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर यह प्रतियोगिता सुबह 11 बजे से श्री शंकर उच्च माध्यमिक प्लस टू विद्यालय तकिया, सासाराम में आयोजित की जाएगी.

प्रतियोगिता में जिले के 50 चयनित स्कूलों से एक छात्र और एक छात्रा सहित कुल 100 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे. सभी स्कूलों को नामित शिक्षक के साथ निर्धारित समय पर प्रतिभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है.

किशोरों में जागरुकता बढ़ाना है मकसद

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना एवं असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, रोहतास के निर्देश के आलोक में सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, सरकारी एवं निजी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों, प्राचार्यों और प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं. आयोजन स्थल पर आवश्यक संसाधन और सभाकक्ष उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी श्री शंकर इंटर प्लस टू स्कूल को सौंपी गई है. प्रतियोगिता में कक्षा आठ, नौ और 11 के छात्र-छात्राओं को शामिल किया जाएगा, जिनका चयन संबंधित स्कूल पहले अपने स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता के माध्यम से करेंगे.

बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अनुसार रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता का उद्देश्य 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों में एचआईवी, एड्स, किशोर स्वास्थ्य और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. प्रतियोगिता में स्वास्थ्य, सामान्य ज्ञान, समसामयिकी, खेलकूद, सोशल मीडिया तथा चित्र पहचान और ऑडियो-विजुअल आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे. जिला स्तर की प्रतियोगिता का संचालन राज्य स्तर से नामित क्विज मास्टर करेंगे.

हर टीम में होंगे एक छात्र व एक छात्रा

प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार प्रत्येक स्कूल की टीम में एक छात्र और एक छात्रा का होना अनिवार्य होगा. प्रतियोगिता पांच राउंड में आयोजित होगी और प्रत्येक सही उत्तर पर पांच अंक दिए जाएंगे, जबकि निगेटिव मार्किंग नहीं होगी. जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र मिलेगा.

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रोहतास का प्रतिनिधित्व करेगी. जिला स्तर पर कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है, जबकि जिला शिक्षा विभाग समन्वय की जिम्मेदारी निभाएगा. प्रतियोगिता के माध्यम से किशोरों में स्वास्थ्य संबंधी विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण विकसित करने का भी प्रयास किया जाएगा.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन