उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के निरीक्षण में एसआरएन अस्पताल की खुली पोल,निरीक्षण के दौरान बड़ा हादसा टला

उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के निरीक्षण में एसआरएन अस्पताल
Up News: प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में निरीक्षण के दौरान उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को अव्यवस्थाएं मिलीं. टूटी खिड़की, कबाड़ और गंदगी पर उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई. मरीजों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का आश्वासन दिया गया.
Up News: उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक रविवार को प्रयागराज स्थित स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर रहे थे. अस्पताल की पुरानी इमारत में स्टोर रूम के पास जब उन्होंने बाहर झांकने के लिए खिड़की को छुआ, तो उसका पल्ला तुरंत उखड़कर सीधे उनके हाथ में आ गया. यह नजारा देखते ही वहां उपस्थित मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एके वर्मा और अन्य वरिष्ठ चिकित्साधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए. अधिकारियों के चेहरे पर हड़कंप साफ तौर पर दिखने लगा.
अव्यवस्थाओं पर डिप्टी सीएम का कड़ा रुख, कबाड़ और मच्छरों पर लगाई फटकार
खिड़की टूटने के बाद उप-मुख्यमंत्री ने बाहर देखा तो वहां कबाड़ और भारी गंदगी फैली हुई थी. इस पर उन्होंने तीव्र नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों से कहा कि हम पूरे प्रदेश में मच्छरों को समाप्त कर रहे हैं, जबकि यहां मच्छरों के घर तैयार किए जा रहे हैं. अस्पताल परिसर में घुसते ही टूटी हुई फर्श, लटकते बिजली के खुले तार और अव्यवस्थाएं देखकर उन्होंने प्राचार्य को जमकर फटकार लगाई. उन्होंने तुरंत जूनियर इंजीनियर को बुलाकर जवाब-तलब करने के निर्देश दिए.
चिकित्सा सुविधाओं में सुधार का आश्वासन: प्रयागराज को लखनऊ जैसी बेहतर व्यवस्थाएँ
डिप्टी सीएम ने प्राचार्य प्रो. डॉ. एके वर्मा और प्रमुख चिकित्साधीक्षक डॉ. नीलम सिंह को सख्त हिदायत दी कि मरीजों तथा तीमारदारों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रयागराज में लखनऊ जैसी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके अतिरिक्त, मेडिकल कॉलेज को मिली नई जमीन पर नया भवन तथा महात्मा गांधी मार्ग पर नया ट्रॉमा सेंटर बनाने का प्रस्ताव पायलट प्रोजेक्ट के रूप में तैयार किया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था को काफी मजबूती मिलेगी.
यह भी पढ़े: मायावती की चिंता घटते विधानमंडल सत्र पर उठाए सवाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










