saran news. 13 से दो पालियों में होगी पीजी थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा

Published by : CHANDRASHEKHAR SARAN Updated At : 06 Oct 2025 5:12 PM

विज्ञापन

10 अक्टूबर को जारी होगा पीजी परीक्षा का एडमिट कार्ड, थर्ड सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षा की तिथि भी हुई जारी

विज्ञापन

छपरा. 13 अक्टूबर से शुरू होने वाली पीजी थर्ड सेमेस्टर सत्र 2022-24 की परीक्षा को शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराये जाने को लेकर जयप्रकाश विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग ने गाइडलाइन जारी की है. परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा 13 से 18 अक्टूबर तक दो पालियों में ली जायेगी. परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल सभी पीजी विभागों तथा पीजी कॉलेजों के नोटिस बोर्ड पर पूर्व में ही प्रकाशित किया जा चुका है. विभाग स्तर पर बने व्हाट्सएप ग्रुप में भी परीक्षार्थियों को शेड्यूल भेजा जा रहा है. उन्होंने बताया कि 10 अक्टूबर तक पीजी परीक्षा का एडमिट कार्ड भी जारी कर दिया जायेगा. थर्ड सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षा की तिथि भी जारी कर दी गयी है. प्रायोगिक परीक्षा 30 अक्टूबर से सात नवंबर के बीच संबंधित कॉलेजों व पीजी विभागों में ली जायेगी.

ये है पीजी परीक्षा का शेड्यूल

पीजी थर्ड सेमेस्टर के अंतर्गत सभी 17 विषयों को दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप ए में कॉमर्स, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, गणित, इतिहास, उर्दू, अंग्रेजी तथा हिंदी विषय शामिल है. जबकि ग्रुप बी में भौतिकी, जूलॉजी, बॉटनी, केमिस्ट्री, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान, भूगोल, गृह विज्ञान व संस्कृत विषय को रखा गया है. कोर कोर्स व एडिशनल विषयों की परीक्षा 13 से 18 अक्टूबर के बीच निर्धारित है. परीक्षा दो पालियों में होगी. पहली पाली सुबह 9 बजे से 12 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक होगी. 13 अक्टूबर को पहली व दूसरी पाली में कोर कोर्स 10, 14 अक्टूबर को कोर कोर्स 11, 15 अक्टूबर को कोर कोर्स 12, 16 अक्टूबर को कोर कोर्स 13 तथा 17 अक्टूबर को कोर कोर्स 14 की परीक्षा होगी. 18 अक्टूबर को पहली व दूसरी पाली में एडिशनल अनिवार्य विषय की परीक्षा ली जायेगी.

दो केंद्रों पर होगी परीक्षा

पीजी थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा दो केंद्रों पर आयोजित की जायेगी. परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि सारण जिला अंतर्गत सभी पीजी कॉलेज तथा जयप्रकाश विश्वविद्यालय के 17 पीजी विभागों में नामांकित छात्र-छात्राओं की परीक्षा विश्वविद्यालय स्थित मल्टीपरपस परीक्षा भवन में ली जायेगी. जबकि सीवान तथा गोपालगंज के सभी पीजी कॉलेजों के छात्रों की परीक्षा का केंद्र राजा सिंह कॉलेज सीवान को बनाया गया है. इस परीक्षा में करीब तीन हजार छात्र-छात्राएं सम्मिलित होंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
CHANDRASHEKHAR SARAN

लेखक के बारे में

By CHANDRASHEKHAR SARAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन