युवती समेत नौ हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार

Published at :07 Jan 2016 3:56 AM (IST)
विज्ञापन
युवती समेत नौ हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार

पकड़े गये सभी नक्सलियों ने डोरीगंज की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकारी नये वर्ष में मिली सारण पुलिस को बड़ी कामयाबी अभियान में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों को किया जायेगा पुरस्कृत छपरा (सारण) : सारण पुलिस ने नौ हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार करने के साथ ही छपरा-आरा पुल के निर्माण में लगी कंपनी के बेस […]

विज्ञापन

पकड़े गये सभी नक्सलियों ने डोरीगंज की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकारी

नये वर्ष में मिली सारण पुलिस को बड़ी कामयाबी
अभियान में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों को किया जायेगा पुरस्कृत
छपरा (सारण) : सारण पुलिस ने नौ हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार करने के साथ ही छपरा-आरा पुल के निर्माण में लगी कंपनी के बेस कैंप पर बम ब्लास्ट करने के मामले का उद्भेदन कर लिया है. गिरफ्तार नक्सलियों में एक युवती भी शामिल है. यह सारण पुलिस के लिए काफी महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है. चार दिनों के अंदर पुलिस ने न केवल घटना का उद्भेदन किया बल्कि उसमे संलिप्त सभी नक्सलियों को गिरफ्तार करने मे कामयाबी हासिल की है.
पुलिस अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बुधवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि छापेमारी में एसटीएफ के सहयोग से चार नक्सलियों को पकड़ा गया है, जबकि पुलिस ने पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. इसमें एक नक्सली युवती भी शामिल है. पुलिस की इस कार्रवाई को इस वर्ष की राज्य में नक्सलियों के खिलाफ सबसे बड़े सफल अभियान के रूप मे देखा जा रहा है.
नक्सलियों के खिलाफ चल रहा व्यापक अभियान
इस अभियान में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों को एसपी ने पुरस्कृत करने की घोषणा की है तथा उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस मुख्यालय द्वारा भी पुरस्कृत करने के लिए अनुशंसा कर दी गयी है. इनमें एसएसबी के जवानों, एसटीएफ, बीमएपी को भी पुरस्कृत किया जायेगा. उन्होंने बताया कि इसमें संलिप्त अन्य नक्सलियों को पकड़ने के लिए पुलिस के द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है.
बताते चलें कि एक जनवरी की रात में नक्सलियों ने पुल निर्माण का कार्य करा रही एसपी सीगला कंपनी के डोरीगंज स्थित बेस कैंप पर बम ब्लास्ट कर नक्सलियों ने 65.5 केवीए के जेनेरेटर को उड़ा दिया था और पुल के पाया नंबर 41 के पास से तीन केन बम बरामद किये गये थे. इस मामले में कंपनी के प्रशासनिक पदाधिकारी व पटना जिले के दानापुर कैंट सगुना मोड़ निवासी शिवजी सिंह ने प्राथमिकी दर्ज करायी थी. इसमें मकेर थाना क्षेत्र के डीही गांव निवासी नक्सली अमीन सहनी को नामजद किया गया था.
पुलिस ने सारण, सीवान तथा गोपालगंज जिलों के विभिन्न स्थानों से जिन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है, उनमें गड़खा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव के मुसाफिर मांझी के पुत्र दिलीप मांझी, शत्रोहन राय के पुत्र जितेंद्र राय, परमा मांझी के पुत्र जीतन मांझी, डोरीगंज थाना क्षेत्र के बलवन टोला गांव के सुखनंदन राय के पुत्र संतोष राय,
तरैया थाना क्षेत्र के डीह छपिया गांव के बांके लाल मांझी के पुत्र अमित मांझी तथा एसटीएफ के सहयोग से गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सिनहा सबी गांव के रामजी पुरी के पुत्र प्रद्युम्न पुरी, गम्हारी गांव के कपिलेश्वर राम के पुत्र सुदर्शन राम, सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के खजुरी गांव के सूर्य मोहम्मद के पुत्र शाहिद अंसारी, मकेर थाना क्षेत्र के कपशहर गांव के मो. मुमताज की पुत्री खुशबू खातून को पकड़ा गया है.
नक्सलियों के पास से पुलिस ने चार लोडेड देशी पिस्तौल, चार मोबाइल, दो नक्सली परचा, एक मोटरसाइकिल बरामद की है. एसपी ने बताया कि इस पूरे मामले का उद‍्भेदन कर लिया गया है. पकड़े गये सभी नक्सलियों ने डोरीगंज की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. छापेमारी में एसएसपी अभियान राजेश कुमार तथा मुजफ्फरपुर के अपर पुलिस अधीक्षक भी शामिल थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन