राम कथा अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक का है सेतुः प्रो ओम प्रकाश

राम कथा अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक का है सेतुः प्रो ओम प्रकाश
तीन दिवसीय रामायण कला महोत्सव आयोजित सहरसा. संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से मत्स्यगंधा कलाग्राम स्थित बटोही द्वारा तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय वैदेही रामायण कला महोत्सव व संगोष्ठी का आयोजन सत्तरकटैया प्रखंड के मनखाही गांव में किया गया. महोत्सव का उद्घाटन नदी मित्र व फीजी में भारत सरकार के सांस्कृतिक राजनयिक प्रो.डॉ.ओम प्रकाश भारती ने किया. उद्घाटन समारोह में रामजी मंडल, पूर्व मुखिया वीरेंद्र यादव, बटोही सचिव डॉ महेंद्र कुमार, समाजसेवी महेश्वर मुखिया, पन्नालाल यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे. अतिथियों का स्वागत व धन्यवाद ज्ञापन बटोही सचिव डॉ महेंद्र कुमार, कार्यक्रम का संचालन दीपक कुमार एवं अविनाश आर्या ने किया. महोत्सव के प्रथम दिन मोरंग नेपाल से आये कलाकार ने रामायण आधारित बालन नाटक एवं स्थानीय कलाकारों ने नारदी भाजन, ओडिसी व भरतनाट्यम के माध्यम से रामायण कथा पर आधारित नृत्य नाटक की प्रस्तुति दी. महोत्सव के दूसरे दिन बोलपुर शांति निकेतन पश्चिम बंगाल के कलाकारों ने अभिषेक दत्त के नेतृत्व में राम कथा पर आधारित नृत्य नाटिका, रावण वध की प्रस्तुति दी. पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से आये कलाकारों ने रनपा, काठीनाच, संथाल नृत्य का प्रदर्शन किया. स्थानीय कलाकारों में मधेपुरा भतरंधा के कलाकारों ने लखन शर्मा के नेतृत्व में नटुवा नाच की शैली में राम कथा की प्रस्तुति दी. महोत्सव के अंतिम दिन सोमवार को मिथिला में रामकथा परंपरा विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गयी. संगोष्ठी की अध्यक्षता प्रो डॉ ओम प्रकाश भारती ने की. संगोष्ठी में शोधार्थी दीपक कुमार, सुश्रुत यादव, सोमसी यादव, राहुल यादव, विष्णु कुमार ने राम कथा के विभिन्न आयाम पर शोध पत्र प्रस्तुत किया. संगोष्ठी के अध्यक्ष प्रो ओम प्रकाश भारती ने कहा कि राम कथा अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक सेतु है. इसके माध्यम से मिथिला का प्रसार वैश्विक स्तर पर हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




