कार ने खड़े ट्रैक्टर में मारी टक्कर, खगड़िया के दो युवक गंभीर रूप से घायल
Published by : Abhishek Bhaskar Updated At : 23 Apr 2026 6:12 PM
कार ने खड़े ट्रैक्टर में मारी टक्कर
भवानीपुर. भवानीपुर थानाक्षेत्र में गुरुवार को दुर्गापुर चौक के समीप स्टेट हाईवे-65 पर करीब 1 बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े सीमेंट लदे ट्रैक्टर से पीछे से जा टकरायी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रैक्टर-ट्रेलर के नीचे घुस गया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में कार सवार खगड़िया जिले के पासराहा निवासी प्रीतम कुमार 30 वर्ष और सौरव कुमार 32 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवानीपुर पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया. सूचना मिलते ही गश्ती पर तैनात एसआई उमेश कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रैक्टर को जब्त कर थाना लाया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है. थानाध्यक्ष सह पुनि राजकुमार चौधरी ने बताया किसी पक्ष के द्वारा कोई आवेदन नहीं प्राप्त हुआ है. पुलिस अनुसंधान में लगी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










