करीब आ गये झमाझम बारिश के दिन, इस पखवाड़े पूर्णिया के रास्ते बिहार आएगा मानसून

Published by : AKHILESH CHANDRA Updated At : 10 Jun 2026 6:30 PM

विज्ञापन

पूर्णिया समेत बिहार में मानसून के आगमन का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है. मौसम विभाग के अनुसार 15 जून तक मानसून के प्रवेश की संभावना है, जबकि 17 जून के बाद मानसूनी बारिश का दौर शुरू हो सकता है. अगले 48 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और तेज हवा, बारिश तथा वज्रपात की चेतावनी दी गई है.

विज्ञापन

पूर्णिया से रिपोर्ट :

बारिश का दौर होगा शुरू, उमस भरी गर्मी से लोगों को मिलेगी राहत

पूर्णिया में मेघ गर्जन, लाइटिंग और बारिश के आसार, ऑरेंज अलर्ट जारी

पूर्णिया. झमाझम बारिश के दिन अब करीब आ गये हैं. इसी पखवाड़े पूर्णिया के रास्ते बिहार में मानसून के प्रवेश करने की संभावना है. मौसम विशेषज्ञों की मानें तो इस हफ्ते भी मानसून के एंट्री की गुंजाइश बन रही है. मौसम विज्ञानियों की अनुसार मानसून के आने और उसे सक्रिय होने में अमूमन दो से तीन दिनों का समय लग जाता है. इस हिसाब से 17 जून के बाद मानसूनी बारिश का दौर शुरू हो सकता है. इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी. विशेषज्ञों का अनुमान है कि बीती रात आयी आंधी के कारण आए बदलाव से मानसून को आने में मदद मिलेगी.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान की मानें तो इस साल मानसून अपने निर्धारित समय के आसपास ही दस्तक देने जा रहा है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आगामी 15 जून तक यहां मानसून के एंट्री हो सकती है. वैसे, तिथि कुछ आगे भी बढ़ने कीसंभावना है. इससे लोगों को चिलचिलाती धूप से बड़ी राहत मिलेगी क्योंकि मानसून के आते ही झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाएगा. हालांकि पूर्णिया में अभी भले ही झमाझम बारिश का दौर शुरू नहीं हुआ है पर यह माना जा रहा है कि पूर्णिया का मौसम अब मानसूनी मूड में आ गया है. आसमान में दिन के समय उमड़ते-घुमड़ते बादलों के बीच अचानक कड़क धूप और फिर शाम होते-होते बारिश को इसी नजरिये से देखा जा रहा है. बीते मंगलवार को यलो अलर्ट था और आसमान में बादल भी थे पर पूरे दिन धूप के तेवर तल्ख रहे और शाम होते ही बारिश शुरू हो गई.

मानसून के लिए अनुकूल हैं स्थितियां

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए स्थितियां अनुकूल हैं. इधर, मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सतर्क रहने की जरुरत है क्योंकि अगले 24 से 48 घंटे के बूच गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है. पूर्णिया के मौसम पूर्वानुमान इंडेक्स की मानें तो बुधवार से अगले तीन दिनों तक तेज हवा के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी.प्रति घंटा रह सकती है. इधर, बुधवार को मौसम का अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है. मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में अगले 48 घंटे में मेघ गर्जन, लाइटिंग और बारिश की संभावना बतायी है. इस बीच मंगलवार को आसमान में धूप और बादलों के बीच अठखेलियां चलती रही. इस दौरान गर्मी तो पड़ी पर हवाओं की ठंडक ने गर्मी और उमस से लोगों को बचाया. मौसम इंडेक्स के मुताबिक इन तीन दिनों के लिए पूर्णिया और आसपास के इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

कहते हैं अधिकारी

अभी तक जो परिस्थितियां बनी हुई हैं, उससे यह माना जा रहा है कि आगामी 15 जून तक पश्चिम बंगाल होते हुए पूर्णिया और बिहार में मानसून का प्रवेश हो सकता है. बारिश को लेकर पूर्णिया में अगले 48 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

राकेश कुमार, सहायक वैज्ञानिक, मौसम विभाग, पूर्णिया

विज्ञापन
AKHILESH CHANDRA

लेखक के बारे में

By AKHILESH CHANDRA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन