यूजी प्रथम सेमेस्टर के प्रवेश पत्र में गड़बड़ी पर परीक्षा नियंत्रक व समर्थ नोडल ऑफिसर आमने-सामने

Published by : Abhishek Bhaskar Updated At : 09 Apr 2026 7:10 PM

विज्ञापन

आठ अप्रैल को कई परीक्षार्थियों की परीक्षा छूट जाने का मामला

विज्ञापन

– आठ अप्रैल को कई परीक्षार्थियों की परीक्षा छूट जाने का मामला पूर्णिया. पूर्णिया विवि के अंतर्गत स्नातक प्रथम सेमेस्टर दिसंबर 2025 के एडमिट कार्ड में त्रुटियों के कारण कई परीक्षार्थियों की परीक्षा छूटने के मामले में अब परीक्षा नियंत्रक प्रो. अमरकांत सिंह और समर्थ नोडल ऑफिसर डॉ. सुमन सागर आमने-सामने हो गये हैं. जहां परीक्षा नियंत्रक प्रो. अमरकांत सिंह का कहना है कि समर्थ नोडल ऑफिसर ने ध्यान दिया होता तो यह समस्या नहीं आती. वहीं समर्थ नोडल ऑफिसर डॉ. सुमन सागर ने बताया कि बीते 29 मार्च से यह परीक्षा ली जा रही है. समर्थ के काम के लिए एक नोडल पहले से ही परीक्षा विभाग में तैनात हैं. ध्यान पूरा दिया गया, इसलिए निर्बाध परीक्षा प्रारंभ हुई. गुरुवार को दोनों ही पदाधिकारी ने अलग-अलग विवि मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह की मौजूदगी में मीडिया को अपने-अपने पक्ष से अवगत कराया. गौरतलब है कि बीते आठ अप्रैल को कई परीक्षार्थियों की परीक्षा छूट गयी. इसके पीछे का कारण एडमिट कार्ड की त्रुटि बतायी गयी. शिकायत है कि निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम और एडमिट कार्ड में दर्ज परीक्षा कार्यक्रम में भिन्नता है. जिन छात्रों ने एडमिट कार्ड के परीक्षा कार्यक्रम को अनुसरण किया है, उनकी परीक्षा छूट गयी है. जो परीक्षार्थी वेबसाइट से डाउनलोड परीक्षा कार्यक्रम का अनुसरण किये, उन्हें इस प्रकार की परेशानी नहीं हुई है. ————————— जिनकी परीक्षा छूटी उनकी परीक्षा जल्द : परीक्षा नियंत्रक प्रेस कांफ्रेंस में परीक्षा नियंत्रक प्रो. अमरकांत सिंह ने बताया कि आठ अप्रैल को जिन परीक्षार्थियों की परीक्षा किसी कारणवश छूट गयी है, उनकी परीक्षा की तिथि बाद में घोषित की जायेगी. साथ ही 9 अप्रैल की परीक्षा अब 12 अप्रैल को और 15 अप्रैल की परीक्षा 16 अप्रैल को होगी. परीक्षा नियंत्रक प्रो. अमरकांत सिंह ने बताया कि यूएमआइएस के माध्यम से यूजी थ्री की परीक्षा प्रक्रिया में कोई समस्या नहीं आ रही है. यूजी वन की परीक्षा समर्थ के माध्यम से होने से उनके स्तर से सीधी मॉनीटरिंग की व्यवस्था नहीं है. उन्होंने बताया कि यूजी वन के प्रवेश पत्र की समस्या सामने आने के बाद 24 घंटे के अंदर समस्या दूर कर ली गयी जो पहले भी हो सकती थी. ———————————– पहली बार समर्थ पोर्टल से परीक्षा: नोडल पूर्णिया विवि में समर्थ के नोडल पदाधिकारी डॉ. सुमन सागर ने बताया कि नामांकन के बाद पहली बार परीक्षा भी समर्थ के माध्यम से लेकर पूर्णिया विवि ने मिसाल कायम की है. यूजी वन साइंस व कॉमर्स की परीक्षा सफलतापूर्वक ली जा रही है. आर्टस के आखिरी तीन पेपर के लिए परीक्षार्थियों की अत्यधिक संख्या रहने पर परीक्षा विभाग ने एक ही परीक्षा को तीन तारीख में बांट दिया. इस प्रकार के एडजस्टमेंट की सुविधा समर्थ पर सुनिश्चित कराने के बाद यह कार्यक्रम निर्धारित किया जाता तो इनका संचालन भी युक्तिसंगत हो जाता. ऐसा नहीं होने के कारण दिल्ली से जो डेटा अपडेट हुआ उसमें तकनीकी त्रुटि आ गयी. —————— ये बदलाव जरूरी – प्रोग्राम के बदले समर्थ पोर्टल पर हो विषयवार नामांकन – अधिक परीक्षार्थी होने पर परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़े – समर्थ की मॉनीटरिंग में परीक्षा नियंत्रक की भूमिका हो सुनिश्चित

विज्ञापन
Abhishek Bhaskar

लेखक के बारे में

By Abhishek Bhaskar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन