पैक्स चुनाव को लेकर बीडीओ ने प्रत्याशियों को पढ़ाया आचार संहिता का पाठ
Published by : Abhishek Bhaskar Updated At : 16 Apr 2026 6:14 PM
अमौर
अमौर. प्रखंड क्षेत्र की 7 पंचायतों में होने वाले पैक्स चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कवायद तेज कर दी गई है. इसी कड़ी में गुरुवार को प्रखंड बीडीओ चैंबर में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी राजा राम पंडित ने 20 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर सभी चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की.बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ राजा राम पंडित ने सभी प्रत्याशियों को आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया.उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी नियम का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रत्याशी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाएगा.बैठक के दौरान मुख्य रूप से निर्वाचन व्यय पर चर्चा की गई.बीडीओ ने प्रत्याशियों को बताया कि चुनाव प्रचार में होने वाले खर्च का सटीक ब्योरा रखना अनिवार्य है.निर्धारित सीमा से अधिक राशि खर्च करने पर आयोग के नियमों के तहत कार्रवाई हो सकती है.सरकारी संपत्तियों पर पोस्टर-बैनर लगाने की सख्त मनाही है.प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी प्रत्याशियों से अपील की कि वे अपने समर्थकों को संयमित रखें और शांतिपूर्ण मतदान में प्रशासन का सहयोग करें. उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे ताकि मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें.इस बैठक में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पैक्सों से आए अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य पद के उम्मीदवार मौजूद रहे.बैठक के अंत में निर्वाचन से जुड़े तकनीकी पहलुओं और मतपत्रों की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी साझा की गई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










