बर्न वार्ड में जलन बरकरार

Published at :29 Jun 2017 5:13 AM (IST)
विज्ञापन
बर्न वार्ड में जलन बरकरार

पूर्णिया : हाल के दिनों में सदर अस्पताल की सूरत काफी बदली-बदली नजर आ रही है, लेकिन अस्पताल का बर्न वार्ड आज भी बदहाली के दौर से नहीं उबर पा रहा है. जबकि यह हाल तब है जब ना केवल सीमांचल के बल्कि कोसी के भी बर्न मरीज के लिए सदर अस्पताल एकमात्र सहारा है. […]

विज्ञापन

पूर्णिया : हाल के दिनों में सदर अस्पताल की सूरत काफी बदली-बदली नजर आ रही है, लेकिन अस्पताल का बर्न वार्ड आज भी बदहाली के दौर से नहीं उबर पा रहा है. जबकि यह हाल तब है जब ना केवल सीमांचल के बल्कि कोसी के भी बर्न मरीज के लिए सदर अस्पताल एकमात्र सहारा है. लेकिन विडंबना यह है कि जिम्मेदार लोगों की नजरें बर्न वार्ड पर इनायत नहीं हो रही है और वार्ड जले हुए मरीजों की जलन कम करने में कारगर साबित नहीं हो रहा है.

हैरानी की बात यह है कि वार्ड में लगा एसी भी खराब पड़ा है और साफ-सफाई का वार्ड में हाल बेहाल है. जानकार बताते हैं कि बर्न वार्ड में साफ-सफाई की अपनी खास अहमियत होती है.

कैसे हो जलन कम, एसी है खराब : सदर अस्पताल में संचालित बर्न वार्ड में पूर्व से ही एसी लगा हुआ है. जानकारों के अनुसार बर्न मरीजों के लिए एसी आवश्यक माना जाता है. लेकिन अब यह एसी सिर्फ शोभा की वस्तु बनी हुई है. एसी करीब एक साल से खराब पड़ा है. सूत्र बताते हैं कि एसी का गैस खत्म हो गया था. गैस पुन: नहीं भरने एवं समय पर सर्विसिंग नहीं होने के कारण वह बंद पड़ा हुआ है. बर्न वार्ड में एसी खराब होने से मरीजों का मुश्किलें और बढ़ जाती है. मरीज सिलिंग फैन और हाथ पंखे के भरोसे रहते हैं जो जलन कम नहीं कर पाती है.
साफ-सफाई का हाल है बुरा : चिंताजनक यह है कि बर्न वार्ड में भी सफाई की मुकम्मल व्यवस्था नहीं है. यूं भी सदर अस्पताल में साफ-सफाई का हाल बेहाल ही है. बर्न वार्ड इससे अछूता नहीं है. साफ-सफाई से जुड़ी आउटसोर्स एजेंसी अब तक साफ-सफाई के मामले में खानापूर्ति में विश्वास करती रही है. हाल ही के दिनों में जब डीएम प्रदीप कुमार झा ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया था तो सदर अस्पताल में व्याप्त गंदगी पर नाराजगी जतायी थी. उन्होंने तब अस्पताल प्रबंधन को एजेंसी के खिलाफ सख्ती बरतने का निर्देश दिया था. वार्ड की स्थिति देख कर कुछ भी बदलाव नजर नहीं आता. जाहिर है कि गंदगी की वजह से मरीजों को इंफेक्शन का भी खतरा रहता है जो जानलेवा भी साबित हो सकता है.
बर्न वार्ड को सुधारने की कवायद आरंभ की जा चुकी है. बर्न वार्ड में रूम का शीशा टूट जाने से एयर पास हो रहा था. रूम को एयर टाइट करने के लिए शीशा लगाया जा रहा है. एसी खराब नहीं है, रूम एयर टाइट नहीं होने से एसी बंद पड़ा था. जल्द एसी चालू कर दिया जायेगा.
शिंपी कुमारी, अस्पताल प्रबंधक, सदर अस्पताल
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन