Bihar news: फॉर्च्यूनर ने बाइक में मारी टक्कर, भागने के चक्कर में महिला सिपाही को 200 मीटर सड़क पर घसीटा
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 20 Feb 2022 8:26 AM
घटना के बाद लोग काफी संख्या में जुट गये थे और कार में सवार छात्रा की पिटाई करने की कोशिश करने लगे. लेकिन पुलिस ने उसे भीड़ से बचा लिया. इसके बाद महिला सिपाही बबिता को गंभीर हालत में पहले तारा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया.
पटना. कोतवाली थाने के इनकम टैक्स गोलंबर पर शनिवार की रात फॉर्च्यूनर कार ने बाइक में टक्कर मार दी और भागने के चक्कर में ट्रैफिक पुलिस की महिला सिपाही बबिता कुमारी को सड़क पर 200 मीटर तक घसीट दिया. ट्रैफिक पुलिस के अन्य सिपाहियों ने जब कार का पीछा किया, तो हाइकोर्ट मजार के पास गाड़ी छोड़ कर चालक फरार होने में सफल रहा. जबकि कार में सवार एक छात्रा को पुलिस ने पकड़ लिया. घटना के बाद लोग काफी संख्या में जुट गये थे और कार में सवार छात्रा की पिटाई करने की कोशिश करने लगे. लेकिन पुलिस ने उसे भीड़ से बचा लिया. इसके बाद महिला सिपाही बबिता को गंभीर हालत में पहले तारा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया. लेकिन बेहतर इलाज के लिए पारस अस्पताल में देर रात भर्ती करा दिया गया है. पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार को जब्त कर लिया है.
इधर, पुलिस ने जब हिरासत में रही छात्रा से पूछताछ की, तो उसने बताया कि वह मूल रूप से सहरसा की रहने वाली है लेकिन पटना के बाेरिंग रोड में एक गर्ल्स हॉस्टल में रहकर बीपीएससी की तैयारी करती है. जबकि फॉर्च्यूनर कार के चालक के रूप में मनेर निवासी व बालू सप्लायर अभिनव कुमार सिंह का नाम सामने आया है. अभिनव का घर पाटलिपुत्र थाने के नेहरू नगर में भी है. अभिनव व युवती रिश्तेदार हैं. युवती ने पुलिस को यह भी बताया है कि अभिनव उसे चाय पिलाने के नाम पर लाया था और अटल पथ होते हुए आर ब्लॉक पहुंचा, जहां से आयकर गोलंबर पर एक बाइक से हल्की टक्कर हो गयी और वहां से भागने के क्रम में यह घटना हो गयी.
जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात में एक फॉर्च्यूनर गाड़ी आर ब्लॉक से होते हुए इनकम टैक्स गोलंबर पहुंची. लेकिन गाड़ी के चालक ने गोलंबर पर ही एक बाइक को टक्कर मार दी. इस पर ट्रैफिक पुलिस की सिपाही बबिता कुमारी ने उसे रोकने की कोशिश की. लेकिन फिर भी चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और भागने लगा. इसके कारण महिला सिपाही गाड़ी में फंस गयी. लेकिन फिर भी चालक गाड़ी लेकर भागने लगा और वह महिला सिपाही को इनकम टैक्स गोलंबर से घसीटते हुए हाइकोर्ट मजार तक ले गया.
इसी बीच उसने देखा कि अन्य ट्रैफिक पुलिस कर्मी उसका पीछा कर रहे हैं, तो वह अपनी गाड़ी को छोड़ कर मजार के अंदर की गली से अंधेरे का लाभ लेते हुए निकल भागा. जबकि गाड़ी में सवार छात्रा नहीं भाग सकी और पुलिस ने पकड़ लिया. इसके बाद छात्रा को कोतवाली थाना लाया गया और घायल सिपाही बबिता कुमारी को तुरंत ही गांधी मैदान बैंक रोड स्थित तारा नर्सिंग होम ले जाया गया. सड़क पर घसीटाने के कारण महिला सिपाही के सिर व पीठ में काफी चोटें आयी थी. इसके अलावे हाथ, पांव व पीठ छिल गये थे. अब पारस अस्पताल में इलाज चल रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










