पटना के दानापुर में घर में घुसकर बच्ची से छेड़खानी की कोशिश, पॉक्सो एक्ट के तहत चिकन दुकानदार गिरफ्तार

Patna Crime: पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में 5 वर्षीय बच्ची से कथित छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने एक चिकन दुकानदार को गिरफ्तार किया है. परिजनों की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
Patna Crime: (संजय कुमार की रिपोर्ट) दानापुर थाना क्षेत्र में एक बच्ची के साथ चिकन दुकानदार द्वारा घर में घुसकर छेड़खानी करने का मामला सामने आया है. इस संबंध में बच्ची के परिजनों ने स्थानीय थाना में मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने आरोपी चिकन दुकानदार राजू को गिरफ्तार कर लिया है.
घर पर अकेले थे बच्चे
पीड़िता के माता-पिता ने बताया कि सोमवार को वे दोनों मॉल में काम करने चले गए थे. घर पर उनका 7 वर्षीय पुत्र और 5 वर्षीय पुत्री मौजूद थे. इसी दौरान सोमवार को दिन करीब 11 बजे घर के नीचे चिकन की दुकान चलाने वाला राजू दरवाजे पर पहुंचा और आवाज दी.
पहचान होने पर घर में दाखिल हुआ आरोपी
परिजनों के अनुसार बच्ची राजू को पहचानती थी, इसलिए उसने दरवाजा खोल दिया. आरोप है कि इसके बाद राजू घर के अंदर चला गया और बच्ची के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की. बताया गया कि बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी ने उसे 50 रुपये देकर किसी को घटना की जानकारी नहीं देने को कहा और वहां से चला गया.
शाम को परिजनों को बताई घटना
माता-पिता ने बताया कि जब वे शाम को काम से घर लौटे तो बच्ची काफी डरी हुई थी. पूछताछ करने पर उसने पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजन आरोपी की दुकान पर पहुंचे, लेकिन वह वहां नहीं मिला.
पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
थानाध्यक्ष पीके भारद्वाज ने बताया कि बच्ची के साथ छेड़खानी के मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी चिकन दुकानदार राजू को उसके नानी घर से गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में आस्था का नया केंद्र: 26 जून को 108 फीट अर्धनारीश्वर प्रतिमा का होगा प्राण प्रतिष्ठा, कलश यात्रा के साथ महायज्ञ शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










