बिहार में आस्था का नया केंद्र: 26 जून को 108 फीट अर्धनारीश्वर प्रतिमा का होगा प्राण प्रतिष्ठा, कलश यात्रा के साथ महायज्ञ शुरू

Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन

108 फीट अर्धनारीश्वर का प्रतिमा

Patna News: पटना के चंडासी गांव में 108 फीट ऊंची अर्धनारीश्वर प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. 11 करोड़ रुपये की लागत से बने धार्मिक परिसर में 17 से 25 जून तक 1008 कुंडीय महायज्ञ और 26 जून को भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित होगा.

विज्ञापन

Patna News: गौरीचक थाना क्षेत्र के चंडासी गांव में निर्मित 108 फीट ऊंची अर्धनारीश्वर प्रतिमा इन दिनों श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस भव्य धार्मिक परिसर का निर्माण कई वर्षों की सतत मेहनत और हजारों श्रद्धालुओं के सहयोग से पूरा हुआ है. मंदिर निर्माण में बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक समेत कई राज्यों के अनुभवी कारीगरों और शिल्पकारों ने अपनी कला का योगदान दिया है.

भगवान गणेश और कार्तिकेय की विशाल प्रतिमाएं भी स्थापित

भगवान शिव और माता पार्वती के संयुक्त स्वरूप अर्धनारीश्वर की 108 फीट ऊंची प्रतिमा के अलावा मंदिर परिसर में भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय की विशाल प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं. भव्य मंदिर परिसर की स्थापत्य कला और विशाल प्रतिमाएं श्रद्धालुओं को दूर-दूर से आकर्षित कर रही हैं.

17 से 25 जून तक होगा 1008 कुंडीय महायज्ञ

मंदिर परिसर में मंगलवार से धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो चुकी है. 17 जून से 25 जून तक 1008 हवन कुंडों में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा. इस महायज्ञ में देश के विभिन्न तीर्थ और धार्मिक स्थलों से आए करीब एक हजार विद्वान ब्राह्मण और आचार्य शामिल होंगे. आयोजन समिति के अनुसार सबसे अधिक संख्या उत्तर प्रदेश से आए वैदिक विद्वानों की है.

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज रहा परिसर

हर-हर महादेव टीम के सदस्य पूरे आयोजन की व्यवस्था संभाल रहे हैं. टीम के सदस्य दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा, यज्ञशाला की तैयारी, भोजन, आवास, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं. पूरे परिसर में हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है.

कलश यात्रा में शामिल हुए 20 से 25 हजार श्रद्धालु

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि 16 जून को निकाली गई भव्य कलश यात्रा में 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं ने भाग लिया. देर शाम तक हजारों श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर पहुंचना जारी रहा. आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है.

धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में मिलेगी नई पहचान

चंडासी गांव स्थित यह धार्मिक परिसर पटना-गया मार्ग पर जीरो माइल के समीप स्थित है. मंदिर के पूर्ण रूप से खुलने के बाद इसे बिहार के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है.

26 जून को होगा भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह

आयोजन समिति ने बताया कि 26 जून को वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के बीच अर्धनारीश्वर, भगवान गणेश, भगवान कार्तिकेय सहित मंदिर परिसर में स्थापित सभी प्रतिमाओं का भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जाएगा. इस अवसर पर देशभर से संत, महात्मा और हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें: शाहाबाद बनेगा शिक्षा का केंद्र, हर प्रखंड में खुलेंगे डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

विज्ञापन
Nikhil Anurag

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन