शाहाबाद बनेगा शिक्षा का केंद्र, हर प्रखंड में खुलेंगे डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन

सम्राट चौधरी की फाइल फोटो

Arrah News: भोजपुर के मसाढ़ में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 31.20 करोड़ रुपये की लागत वाली समेकित एक्वा पार्क परियोजना का शिलान्यास किया. उन्होंने शाहाबाद को शिक्षा का केंद्र बनाने, हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल खोलने की घोषणा की. साथ ही रोजगार, मत्स्य उत्पादन और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की योजनाएं बताईं.

विज्ञापन

Arrah News: (नरेन्द्र प्रसाद सिंह की रिपोर्ट) भोजपुर जिले के उदवंतनगर प्रखंड स्थित मसाढ़ गांव में सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समेकित एक्वा पार्क निर्माण परियोजना का शिलान्यास किया. इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने शाहाबाद क्षेत्र को शिक्षा का बड़ा केंद्र बनाने का संकल्प दोहराया. मुख्यमंत्री ने कहा कि हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके.

हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल खोलने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों के बच्चे एक ही सरकारी विद्यालय में पढ़ेंगे, तभी शिक्षा व्यवस्था का वास्तविक विकास माना जाएगा. उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए व्यापक योजनाओं पर काम किए जाने की बात कही.

अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर भी अपनी सरकार का रुख स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है. पुलिस को चुनौती देने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे और किसी भी कीमत पर अपराध को संरक्षण नहीं दिया जाएगा.

सोलर ऊर्जा अपनाने की अपील

मुख्यमंत्री ने लोगों से बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए सोलर सिस्टम अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के उपयोग से बिजली खर्च कम होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी.

32 एकड़ में बनेगा आधुनिक एक्वा पार्क

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 32 एकड़ क्षेत्र में 31.20 करोड़ रुपये की लागत से समेकित एक्वा पार्क का निर्माण कराया जाएगा. परियोजना में कार्प हैचरी, आरएएस फिश फीड मिल, जल गुणवत्ता जांच प्रयोगशाला, मत्स्य स्वास्थ्य जांच प्रयोगशाला और प्रशासनिक भवन सहित 17 आधुनिक अवयव विकसित किए जाएंगे.

मत्स्य पालन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

उन्होंने कहा कि यह परियोजना राष्ट्रीय स्तर की होगी और इसके माध्यम से मत्स्य उत्पादन, जलकृषि पर्यटन तथा स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा. इससे क्षेत्र के लोगों की आय बढ़ेगी और बिहार मत्स्य क्षेत्र में और मजबूत होगा.

केंद्रीय मंत्री ने बताई परियोजना की अहमियत

केंद्रीय पंचायती राज, पशुपालन, मत्स्य एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि देश में चयनित 11 समेकित एक्वा पार्कों में भोजपुर का यह प्रोजेक्ट शामिल है. उन्होंने कहा कि यह परियोजना बिहार के मत्स्य क्षेत्र को नई पहचान दिलाएगी.

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय कुमार टाइगर, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव अमृत प्रत्यय, डीजीपी विनय कुमार, जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया, पुलिस अधीक्षक राज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें: जहानाबाद के मखदुमपुर में डकैती: हथियार के बल पर परिवार को बनाया बंधक, गहने और नकदी लेकर फरार

विज्ञापन
Nikhil Anurag

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन