जहानाबाद के मखदुमपुर में डकैती: हथियार के बल पर परिवार को बनाया बंधक, गहने और नकदी लेकर फरार
मखदुमपुर में डकैती के बाद घर की स्थिति
Jehanabad News: मखदुमपुर के चामो विगहा गांव में हथियारबंद डकैतों ने एक घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया और 65 हजार रुपये नकद सहित करीब 6.5 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. ग्रामीणों ने सुरक्षा बढ़ाने और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
Jehanabad News: (रमेश कुमार की रिपोर्ट) मखदुमपुर थाना क्षेत्र के चामो विगहा गांव में रविवार की देर रात हथियारबंद डकैतों ने एक घर में धावा बोलकर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात लूट लिए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. लगातार बढ़ रही चोरी और डकैती की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है.
छत के रास्ते घर में घुसे डकैत
गृहस्वामी राम अयोध्या सिंह ने बताया कि रात में वे अपनी पत्नी और बेटे के साथ घर में सो रहे थे. इसी दौरान करीब 12 बजे के बाद 4 से 5 की संख्या में हथियारबंद अपराधी छत के रास्ते घर में घुस आए. सभी के हाथों में हथियार था. घर में प्रवेश करते ही अपराधियों ने परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया.
65 हजार नकद और 6.5 लाख के जेवरात लूटे
पीड़ित परिवार के अनुसार अपराधियों ने काफी देर तक घर में आराम से लूटपाट की. डकैत घर में रखे करीब 65 हजार रुपये नकद और लगभग 6.5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए. घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी आसानी से मौके से निकल गए.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मखदुमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ-2 घोषी कृति कमल, थानाध्यक्ष राजेश कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की. थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है.
बढ़ती घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत
स्थानीय लोगों का कहना है कि मखदुमपुर क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी और डकैती की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है. इससे पहले भी कई बंद घरों को चोरों ने निशाना बनाया था. कई मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: भारत-नेपाल शैक्षणिक सम्मेलन: शिक्षा और नवाचार पर फोकस, कार्यक्रम में शिक्षकों को किया गया सम्मानित
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए