आरा: कालाजार प्रभावित इलाकों पर रखें कड़ी नजर, दो सप्ताह से अधिक बुखार वालों की होगी जांच
कार्यशाला में शामिल लोग
कालाजार उन्मूलन के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया. इसमें प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने और दो सप्ताह से अधिक बुखार वाले मरीजों की पहचान कर तत्काल उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
Kala-azar Elimination: स्थानीय होटल में सिविल सर्जन तथा जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी की अध्यक्षता में कालाजार उन्मूलन कार्यक्रम को लेकर उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का आयोजन विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से किया गया. इसमें भोजपुर जिले के सभी प्रखंडों से चिकित्सा पदाधिकारी, सभी वीबीडी स्टाफ और सहयोगी संस्थाओं के जिला प्रतिनिधि शामिल हुए.
कालाजार से प्रभावित क्षेत्रों पर रखें कड़ी नजर
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ संजय कुमार सिन्हा ने कहा कि कालाजार उन्मूलन कार्यक्रम की निरंतरता बनाये रखना आवश्यक है. उन्होंने जिले में कालाजार से प्रभावित रहे क्षेत्रों की स्थिति पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि जिला के चर्म रोग क्लिनिक में आने वाले मरीजों की पूरी जांच की जाए, ताकि यदि कोई पीकेडीएल का केस प्रतिवेदित होता है, तो उसे तत्काल चिकित्सीय उपचार से जोड़ा जा सके और उस पर नजर रखी जा सके.
दो सप्ताह से अधिक बुखार वाले मरीजों पर भी नजर
डॉ संजय कुमार सिन्हा ने कहा कि ओपीडी में आने वाले ऐसे मरीज, जिन्हें दो सप्ताह अथवा उससे अधिक समय से बुखार है, उन पर भी विशेष नजर रखी जाए. ऐसे मरीजों की जांच और आवश्यक चिकित्सीय प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
डब्ल्यूएचओ जोनल कोऑर्डिनेटर ने दी जानकारी
विश्व स्वास्थ्य संगठन के जोनल कोऑर्डिनेटर डॉ अरुण कुमार ने कार्यशाला में कालाजार उन्मूलन कार्यक्रम और कालाजार रोग से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों के साथ साझा की. कार्यशाला में बीमारी की पहचान, निगरानी और उपचार से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी गयी.
इस अवसर पर जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी के साथ वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी अजीत कुमार पटेल, विश्व स्वास्थ्य संगठन के जोनल कोऑर्डिनेटर डॉ अरुण कुमार, विभिन्न प्रखंडों से आये चिकित्सा पदाधिकारी एवं वीबीडी कर्मी, एफएलए प्रियंका कुमारी, पिरामल फाउंडेशन के दिलीप मिश्रा एवं हिमांशु शेखर सिंह तथा सिफ से जुलेखा फातमा उपस्थित थीं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए