बेउर जेल में नशे का खेल बेनकाब, छत के रास्ते होती थी गांजा-स्मैक की सप्लाई, चार गिरफ्तार
बेउर जेल पटना की तस्वीर
Patna News: पटना के बेउर जेल में नशे की सप्लाई का बड़ा खुलासा हुआ है. बेउर थाना पुलिस ने जेल के अंदर गांजा-स्मैक पहुंचाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
Patna News: बिहार में बेउर जेल से जुड़ा बड़ा खुलासा हुआ है. बेउर थाना पुलिस ने जेल के अंदर गांजा और स्मैक पहुंचाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में गांजा, कई आपत्तिजनक सामान और नकद रुपये भी बरामद किए हैं.
जांच में सामने आया है कि यह कोई छोटा मामला नहीं था. जेल के भीतर कैदियों तक मादक पदार्थ पहुंचाने का एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा था. आरोपी जेल की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर नशे का सामान अंदर पहुंचा रहे थे.
किसके इशारे पर चल रहा था खेल?
पुलिस के अनुसार, जेल से सटे एक मकान की ऊंची छत का इस्तेमाल किया जा रहा था. इसी छत से गांजा और स्मैक जेल परिसर के अंदर फेंका जाता था. यह पूरा खेल लंबे समय से चल रहा था. जेल के अंदर बंद कैदी बाहर के लोगों से संपर्क कर सप्लाई मंगवाते थे.
इस पूरे नेटवर्क का संचालन जेल में बंद कुख्यात अपराधी विक्की कुमार के इशारे पर हो रहा था. पुलिस का कहना है कि विक्की कुमार बाहर के तस्करों से गांजा और स्मैक मंगवाता था. फिर इसे जेल के अंदर अन्य कैदियों तक पहुंचाया जाता था.
सिटी एसपी ने क्या-क्या बताया?
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी पश्चिम भानु प्रताप सिंह ने बताया कि बेउर थाना को गुप्त सूचना मिली थी. सूचना थी कि बेउर अखाड़ा के पास कुछ लोग मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री करने आने वाले हैं. इसके बाद पुलिस ने टीम बनाकर छापेमारी की.
मकान की छत से जेल में फेंक देते थे गांजा
छापेमारी में शैलेंद्र मिस्त्री और गोविंद चौधरी को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में दोनों ने कई अहम राज उगले. उन्होंने बताया कि दुल्हन बाजार थाना क्षेत्र के लाल भदसारा निवासी धनंजय कुमार गांजा की सप्लाई करता है. इसके बाद पुलिस ने धनंजय कुमार को भी गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने बताया कि बेउर जेल से सटे जितेंद्र कुमार के मकान की छत का इस्तेमाल किया जाता था. वहीं से गांजा जेल के अंदर फेंका जाता था.
बड़े नेटवर्क का हो सकता है खुलासा
पुलिस ने इसके बाद जितेंद्र कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने मकान की छत से जेल में बंद विक्की कुमार को गांजा सप्लाई करता था. सिटी एसपी ने बताया कि विक्की कुमार पर एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह पहले भी कई गंभीर मामलों में नामजद रह चुका है.
पुलिस ने संबंधित मकान को चिन्हित कर लिया है. जेल प्रशासन को पत्र लिखकर कार्रवाई की सिफारिश की गई है. साथ ही जेल की सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने का सुझाव भी दिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की अन्य कड़ियों की तलाश में जुटी है. आगे और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










