13 जिलों में एक छटांक भी गेहूं की खरीद नहीं

Updated at : 23 May 2019 4:39 AM (IST)
विज्ञापन
13 जिलों में एक छटांक भी गेहूं की खरीद नहीं

पटना : सूबे में गेहूं खरीद की रफ्तार काफी धीमी है. अब तक मात्र 1429 टन गेहूं की ही खरीद हुई है. किसान व्यापारियों के हाथ औने-पौने दाम में गेहूं बेचने को विवश हैं. सरकार ने 1840 रुपये प्रति क्विंटल दाम निर्धारित किया है. 13 जिलों में तो एक छटांक भी गेहूं की खरीद नहीं […]

विज्ञापन

पटना : सूबे में गेहूं खरीद की रफ्तार काफी धीमी है. अब तक मात्र 1429 टन गेहूं की ही खरीद हुई है. किसान व्यापारियों के हाथ औने-पौने दाम में गेहूं बेचने को विवश हैं. सरकार ने 1840 रुपये प्रति क्विंटल दाम निर्धारित किया है. 13 जिलों में तो एक छटांक भी गेहूं की खरीद नहीं हो पायी है.

जबकि, सरकारी स्तर पर 30 जून तक ही गेहूं खरीद का समय निर्धारित है. इस साल दो लाख टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है. एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू होनी थी, लेकिन अब जाकर खरीद शुरू हो पायी है.
प्रदेश में दस दिन पहले शुरू हुई है खरीद
पिछले दस दिनों से ही गेहूं की खरीद हो रही है. विभाग का कहना है कि चुनाव कार्य के कारण गेहूं खरीद में देरी हुई. लेकिन, अब यह रफ्तार पकड़ेगी. खरीद में देरी का एक कारण चुनाव तो है ही साथ ही गोदाम की कमी भी एक बड़ा कारण है. इसके अलावा खरीद करने वाले पैक्स व व्यापार मंडलों के चयन में देरी भी कारण रहा है. किशनगंज और सारण में तो अब तक एक भी सोसाइटी का चयन नहीं हो पाया है.
अब तक व्यापार मंडल के माध्यम से गेहूं की खरीद होती थी. पहली बार सहकारिता विभाग ने पैक्स के माध्यम से भी गेहूं खरीद का निर्णय लिया है. इसमें शर्त यह रखा गया कि जनवितरण का काम करने वाले पैक्स गेहूं की खरीद नहीं करेंगे. साथ ही डिफाॅल्टर पैक्स भी गेहूं खरीद नहीं करेंगे.
1524 सोसाइटियों का गेहूं खरीद के लिए हुआ है चयन
अब तक 1524 सोसाइटियों का चयन गेहूं खरीद के लिए हुआ है. सबसे अधिक 166 सोसाइटियों का चयन मधुबनी जिले में हुआ है. इसके अलावा पटना जिले में 138, समस्तीपुर जिले में 116 और पूर्वी चंपारण जिले में 104 सोसाइटियों का चयन हुआ है. अब तक सबसे अधिक खरीद 262 टन सुपौल जिले में हुई है.
सहकारिता विभाग के अपर मुख्य सचिव अतुल प्रसाद ने बताया कि चुनाव कार्य में अधिकारियों के व्यस्त रहने के कारण गेहूं खरीद में देरी हुई है. लेकिन, अब खरीद में तेजी आयेगी. विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर लेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन