लखीसराय में देर रात आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश, लोगों को मिली गर्मी से राहत

Lakhisarai Weather Update
Lakhisarai Weather Update: लखीसराय में मंगलवार देर रात तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया. कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों ने राहत की सांस ली.
अजीत सिंह एवं देव कुमार की रिपोर्ट.
Lakhisarai Weather Update: लखीसराय. जिले में मंगलवार देर रात करीब दो बजे तेज आंधी-तूफान के साथ हुई झमाझम बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया. बुधवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली. पिछले कई दिनों से तेज धूप और उमस भरी गर्मी से परेशान लोग सुबह के बदले मौसम का आनंद लेते नजर आए.
बदल गया मौसम का मिजाज
मंगलवार शाम से ही जिले के कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई थी. देर रात अचानक तेज हवाओं और गरज के साथ मूसलाधार बारिश हुई. बारिश के बाद मौसम में नमी बढ़ गई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई. बुधवार सुबह धूप नहीं निकलने से लोगों को राहत महसूस हुई और सड़कों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम गर्मी दिखी.
किसानों के लिए राहत
लगातार पड़ रही तेज धूप के कारण खेतों में लगी हरी सब्जियों और पौधों को नुकसान पहुंच रहा था. बारिश के बाद खेतों में नमी लौट आई है, जिससे किसानों ने राहत महसूस की है. कृषि से जुड़े लोगों का कहना है कि इस बारिश से सब्जियों और अन्य फसलों को फायदा पहुंचेगा. कई दिनों से सूख रही पौधों की लतों को भी नई ऊर्जा मिली है.
सुबह के तापमान में आई गिरावट
बुधवार सुबह जिले का तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. मौसम सुहाना रहने के कारण लोग सुबह से ही अपने जरूरी काम निपटाने में जुटे रहे. आम दिनों की तुलना में बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी ज्यादा दिखाई दी.
मौसम विभाग ने फिर जताई बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी जिले में बारिश की संभावना बनी हुई है. दिनभर बादल छाए रहने और धूप कम निकलने का अनुमान है. विभाग ने करीब 50 प्रतिशत बारिश के आसार जताए हैं. बुधवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
बारिश और ठंडी हवाओं के कारण उमस में भी कमी महसूस की गई. हालांकि मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










