मसूदन स्टेशन के पास फरक्का एक्सप्रेस से गिरकर कटिहार के युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
घायल को इलाज के लिए सूर्यगढ़ा ले जाते स्वास्थ्य कर्मी. | Prabhat Khabar Network
Farakka Express Accident : जमालपुर-किऊल रेलखंड पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. चलती फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई. स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है.
Farakka Express Accident : जमालपुर-किऊल रेलखंड पर मसूदन रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने उसे रेलवे ट्रैक के किनारे तड़पता देखा और तत्काल पुलिस व रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी.
पुलिस और रेलवे टीम ने शुरू किया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही पीरीबाजार थाना पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) के एएसआई श्रीमंत कुमार व कांस्टेबल चंदन कुमार मौके पर पहुंचे. करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची, जिसके बाद घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सूर्यगढ़ा ले जाया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सूर्यगढ़ा में चिकित्सकों ने घायल युवक की जांच की. जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी.
कटिहार के नितीश कुमार के रूप में हुई पहचान
पुलिस ने मृतक की पहचान कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र के गिरिभामा गांव निवासी नितीश कुमार, पिता अरुण महतो के रूप में की है. घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई.
चलती ट्रेन से गिरने की आशंका, जांच जारी
प्रथम दृष्टया मामला चलती फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच सभी बिंदुओं पर की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए