पटना के बिहटा में दो पक्षों के बीच पथराव, फायरिंग का आरोप, कई घायल

घटनास्थल के पास मौजूद ग्रामीण
पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में गोखुलपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प ने सनसनी फैला दी है. मारपीट, पथराव के साथ फायरिंग की भी बात सामने आ रही है. घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के गोखुलपुर गांव में आपसी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. घटना के दौरान जमकर मारपीट और पथराव हुआ. इस बीच कथित फायरिंग का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गोली चलने जैसी आवाज सुनाई दे रही है. हालांकि पुलिस ने अभी तक फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है.
पीड़ित पक्ष ने लगाए फायरिंग और हमले के आरोप
पीड़ित पक्ष के जितेंद्र पासवान ने बताया कि गांव के कुछ लोग लंबे समय से उनके परिवार को गाली-गलौज, धमकी और प्रताड़ित कर रहे थे. उनके अनुसार 26 जुलाई की शाम दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसे स्थानीय लोगों ने शांत करा दिया था. आरोप है कि देर रात दूसरा पक्ष दोबारा उनके घर पहुंचा और ईंट-पत्थर बरसाने लगा. उन्होंने दावा किया कि इस दौरान सात से आठ राउंड हवाई फायरिंग भी की गई. इस घटना में उनके परिवार के चार लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है.
जातिसूचक टिप्पणी और गांव छोड़ने की धमकी का आरोप
जितेंद्र पासवान ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोग अक्सर जातिसूचक टिप्पणी करते हैं और गांव छोड़ने की धमकी देते हैं. उन्होंने बताया कि घटना के बाद बिहटा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. पीड़ित परिवार ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
वीडियो के आधार पर पुलिस कर रही जांच
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है. पुलिस का कहना है कि शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










