पकरीबरावां में मोहर्रम को लेकर प्रशासन की तैयारी, शांति समिति की बैठक में बनी रणनीति
बैठक में उपस्थित पुलिस पदाधिकारी और अन्य
Nawada News : प्रशासनिक अधिकारियों ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए ताजिया निर्माण, जुलूस और पहलाम से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए. निर्धारित समय और स्थल का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया.
नवादा से विश्वनाथ कुमार की रिपोर्ट
Nawada News : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पकरीबरावां थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय कुमार, अंचलाधिकारी निशांत कुमार, पुलिस निरीक्षक प्रशांत कुमार एवं थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने संयुक्त रूप से की. बैठक में मोहर्रम के अवसर पर निकाले जाने वाले ताजिया जुलूसों एवं ताजियों की तैयारियों की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने सभी लाइसेंसधारकों को निर्देश दिया कि ताजिया निर्माण एवं जुलूस निकालने के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है तथा निर्धारित समय और स्थल पर ही ताजियों का पहलाम किया जाए.
मोहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क, अफवाहों से दूर रहने की अपील
पदाधिकारियों ने जुलूस संचालन से संबंधित नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की हुड़दंग, अशांति या कानून-व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जुलूस में शामिल लोगों को नियंत्रित रखने के लिए प्रत्येक लाइसेंसधारक को स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों ने लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा संदिग्ध गतिविधि या सूचना मिलने पर तत्काल थाना प्रशासन को सूचित करने की अपील की. साथ ही चेतावनी दी गई कि नियमों के उल्लंघन पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.
सादे लिबास में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
बैठक में बताया गया कि मोहर्रम के दौरान विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी निगरानी करेंगे. इस दौरान उपस्थित लोगों से सुझाव भी लिए गए और उन्हें नोट किया गया. बैठक में एसआई सौरभ कुमार, सलमान खुर्शीद, आसो पासवान, दिनेश सिंह, दिनेश यादव, विश्वनाथ यादव, प्रकाश यादव, आफताब खान अंजुम, मोजीब अंसारी, हाफिज नौशाद, लक्ष्मण चौहान, मो. ऐनाम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
Also Read : पत्नी को बुलाकर बेरहमी से गला रेता, बेगूसराय कोर्ट का बड़ा फैसला, पति पर हत्या का आरोप साबित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










