नवादा में डीडीसी के निर्देश का नहीं हुआ असर, चार दिनों से खराब है गोविंदपुर की जलमीनार का मोटर
लोगों तक पेयजल पहुंचाने के लिए बनी जलमीनार.
गोविंदपुर पंचायत के वार्ड संख्या नौ में पिछले चार दिनों से जलमीनार का मोटर खराब पड़ा है, जिससे करीब 1500 घरों में पीने के पानी की गंभीर किल्लत हो गई है। उप विकास आयुक्त के निर्देश के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
Nawada News : नवादा की उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नीलिमा साहू के निर्देश का भी कोई असर नहीं दिख रहा है. गोविंदपुर पंचायत के वार्ड संख्या नौ स्थित सकरी नदी किनारे पीएचईडी विभाग के 50 हजार गैलन क्षमता वाले जलमीनार का मोटर पिछले चार दिनों से खराब पड़ा है. इससे पंचायत के पांच वार्डों के करीब 1500 घरों में पानी की किल्लत हो गयी है. इन वार्डों के लोग पूरी तरह इसी जलमीनार से होने वाली जलापूर्ति पर निर्भर हैं.
आपके शहर में
दो दिनों के अंदर ठीक करने का था आदेश
पिछले मंगलवार को गोविंदपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान ग्रामीणों ने डीडीसी नीलिमा साहू को जलमीनार का मोटर खराब होने की जानकारी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीडीसी ने शिविर में मौजूद पीएचईडी के जेइ संजीत कुमार को दो दिनों के अंदर मोटर को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया था.

ग्रामीणों ने कहा-पीने के पानी की हो रही किल्लत
ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब जलमीनार का मोटर खराब हुआ है. इससे पहले भी मोटर तीन बार खराब हो चुका है और हर बार उसे ठीक कराने में करीब 10 से 15 दिनों का समय लग जाता है। लंबे समय तक जलापूर्ति बाधित रहने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इधर, ग्रामीणों ने विभाग से वर्तमान में लगे 15 एचपी के मोटर की जगह कम से कम 25 एचपी क्षमता का नया मोटर लगाने की मांग की है.
जल्द बदल दिया जायेगा मोटर : विभाग
इस संबंध में पीएचईडी के एसडीओ ने बताया कि गुरुवार को मिस्त्री को भेजकर मोटर का निरीक्षण कराया गया है. जांच में मोटर खराब पाया गया है और विभाग द्वारा नया मोटर लगाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि बार-बार मोटर खराब होने की समस्या सामने आ रही है, जिसे लेकर विभाग आवश्यक कार्रवाई कर रहा है.
Also Read: नवादा में अतिक्रमण के खिलाफ 30 अगस्त तक चलेगा अभियान NH -20 पर नई समय-सीमा तय
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




