रॉन्ग साइड से आ रही कार ने बाइक सवार दंपती को रौंदा, बैंककर्मी का पटना में काटना पड़ा पैर
प्रतीकात्मक तस्वीर
मुजफ्फरपुर एनएच-28 पर रॉन्ग साइड से आ रही कार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मारी। बैंककर्मी पति का पैर काटना पड़ा, पत्नी की कमर में गंभीर चोट।
NH28 Car Crash: सदर थाना क्षेत्र के कच्ची पक्की के समीप एनएच-28 पर 3 अगस्त की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल पति-पत्नी की जिंदगी पर संकट बना हुआ है। जख्मी पति संजय कुमार की स्थिति अत्यंत नाजुक है। पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों को उनका दाहिना पैर काटना पड़ा है। वहीं, उनकी पत्नी नूतन देवी (रानी पांडे) की कमर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। मामले में सोमवार को सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
मंदिर जाने के दौरान हुआ हादसा
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, खबरा नवल किशोर नगर निवासी व सेंट्रल बैंक कर्मी संजय कुमार अपनी पत्नी के साथ बाइक से मुशहरी के दूधनाथ मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान कच्ची पक्की के पास सामने से रॉन्ग साइड में आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
मुख्य बिंदु:
- रौंदते हुए निकली कार: टक्कर के बाद अनियंत्रित कार संजय कुमार के पैर को रौंदते हुए निकल गई, जिससे उनका पैर व हाथ बुरी तरह टूट गया।
- स्थानीय लोगों ने पकड़ी कार: हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने कार को घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
- पटना में चल रहा इलाज: प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को पटना रेफर किया गया, जहां संजय कुमार आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
पूर्व वायुसेना कर्मी हैं घायल संजय
संजय कुमार मूल रूप से वैशाली के भगवानपुर के रहने वाले हैं। वे भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त होने के बाद सरैयागंज स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में कार्यरत हैं। सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: नए केंद्रीय विद्यालय में दाखिले के लिए उमड़ी भीड़, 320 सीटों के लिए आए 2100 से अधिक आवेदन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Premanshu Shekhar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










