मुजफ्फरपुर में मां और तीन मासूमों की हत्या का खुलासा, एक गिरफ्तार, पुलिस ने पति को भी भेजा नोटिस

पुलिस के गिरफ्त में अपराधी
Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर में ममता और उसके तीन मासूम बच्चों की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. SIT ने इस केस में अमोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. जिससे मामले में कई राज खुलने की उम्मीद है. पति को भी पुलिस ने नोटिस भेजा है.
Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर में ममता कुमारी और उसके तीन मासूम बच्चों के शव मिलने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. SIT ने इस मामले में अमोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी मीनापुर थाना क्षेत्र के मधुबनी गांव, वार्ड नंबर 16 का रहने वाला है.
रविवार को सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस गिरफ्तारी की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जांच में अमोद कुमार की संलिप्तता सामने आई है. वह ममता और उसके बच्चों के अपहरण मामले में शामिल था. पूछताछ के दौरान अमोद ने अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है.
घटना से पहले ममता और अमोद के बीच हुई थी बातचीत
पुलिस के अनुसार ममता और अमोद के बीच मोबाइल से बातचीत के पुख्ता सबूत मिले हैं. कॉल डिटेल रिकॉर्ड से दोनों के संपर्क में होने की पुष्टि हुई है. इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी दोनों की दोस्ती थी. पुलिस का कहना है कि अमोद ने ही ममता के पति कृष्णमोहन को फोन कर बताया था कि उसकी पत्नी और बच्चे उसके पास हैं.
लंबी पूछताछ के बाद रविवार देर शाम अमोद को जेल भेज दिया गया. पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके.
पति से भी की जाएगी पूछताछ
इस बीच ममता के पति कृष्णमोहन पर भी जांच का दायरा बढ़ाया गया है. सिटी एसपी ने बताया कि कृष्णमोहन को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया है. जांच के दौरान कई ऐसे बिंदु सामने आए हैं, जिन पर उससे सवाल करना जरूरी है. फिलहाल वह अपने पैतृक गांव पीयर थाना क्षेत्र के बगाही में रह रहा है.
यह मामला अहियापुर थाना क्षेत्र से जुड़ा है. 10 जनवरी को सिपाहपुर बखरी से ममता कुमारी और उसके तीन बच्चे अचानक लापता हो गए थे. दो दिन बाद, 12 जनवरी को पति कृष्णमोहन ने अहियापुर थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
गंडक नदी से बरामद किए गए थे चारों शव
इसके बाद 15 जनवरी को चंदवारा पुल के पास बूढ़ी गंडक नदी से चारों के शव बरामद किए गए. इस घटना के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी. अब अमोद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि इस जघन्य वारदात की पूरी साजिश जल्द सामने आएगी. SIT लगातार हर एंगल से जांच में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




