मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड में आज फैसला संभव, पहले भी दो बार टल चुकी है फैसले की तिथि

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 14 Jan 2020 6:28 AM

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर : चर्चित बालिका गृह कांड में दिल्ली स्थित साकेत पॉक्सो कोर्ट मंगलवार को फैसला सुनायेगा. इस मामले में ब्रजेश ठाकुर समेत 21 आरोपी हैं. इस मामले में अब तक फैसले की तिथि अंतिम समय में दो बार टल चुकी है. माना जा रहा है कि कोर्ट पहले आरोपितों को दोषी करार देगा. मुजफ्फरपुर स्थित […]

विज्ञापन
मुजफ्फरपुर : चर्चित बालिका गृह कांड में दिल्ली स्थित साकेत पॉक्सो कोर्ट मंगलवार को फैसला सुनायेगा. इस मामले में ब्रजेश ठाकुर समेत 21 आरोपी हैं. इस मामले में अब तक फैसले की तिथि अंतिम समय में दो बार टल चुकी है. माना जा रहा है कि कोर्ट पहले आरोपितों को दोषी करार देगा.
मुजफ्फरपुर स्थित बालिका गृह की बच्चियों के साथ यौन शोषण, हिंसा और अत्याचार के मामले में सीबीआइ ने 18 दिसंबर, 2018 को पॉक्सो एक्ट धाराओं के तहत आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दायर किया था. साकेत पॉक्सो कोर्ट में अक्तूबर माह में ही साक्ष्य पर अभियोजन व बचाव पक्ष की ओर से बहस और दलीलें पूरी हो चुकी हैं. कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था. इस मामले में मुख्य आरोपित ब्रजेश ठाकुर समेत 20 आरोपित जेल में हैं, एक आरोपित डॉ प्रोमिला को सीबीआइ अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है.
23 फरवरी से साकेत कोर्ट में चल रही है सुनवाई : टिस की ऑडिट रिपोर्ट में बालिक गृह में आवासित बच्चियों के साथ यौन शोषण, हिंसा उत्पीड़न का खुलासा हुआ था.
इसके बाद मुजफ्फरपुर के महिला थाने में मई 2018 में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. सुप्रीम कोर्ट ने इसी साल सात फरवरी को मुजफ्फरपुर कोर्ट से केस को दिल्ली के साकेत पॉक्सो कोर्ट में स्थानांतरित कर त्वरित सुनवाई करने को कहा था. सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 23 फरवरी से मामले की साकेत कोर्ट में नियमित सुनवाई चल रही है.
ये हैं आरोपित
ब्रजेश ठाकुर, बाल संरक्षण इकाइ के तत्कालीन सहायक निदेशक रोजी रानी, निलंबित बाल संरक्षण पदाधिकारी रवि कुमार रोशन, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष रहे दिलीप वर्मा, सदस्य विकास कुमार, बालिका गृह की कर्मचारी इंदु कुमारी, मीनू देवी, मंजू देवी, चंदा देवी, नेहा कुमारी, हेमा मसीह, किरण कुमारी, विजय कुमार तिवारी, गुड्डू कुमार पटेल, किशन राम उर्फ कृष्णा, डॉ. अश्विनी उर्फ आसमानी, विक्की, रामानुज ठाकुर उर्फ मामू, रामाशंकर सिंह उर्फ मास्टर साहब, डॉ प्राेमिला व शाइस्ता परवीन उर्फ मधु.
चार महत्वपूर्ण तिथि
31 मई 2018: टिस की रिपोर्ट पर सहायक निदेशक दिवेश शर्मा ने महिला थाने में दर्ज करायी थी प्राथिमिकी
26 जुलाई 2018 : सीबीआइ को मिली जांच की जिम्मेवारी
28 जुलाई 2018 : सीबीआइ ने दर्ज की प्राथमिकी, इंस्पेक्टर विभा रानी बनी आइओ
18 दिसंबर 2018 : सीबीआइ ने ब्रजेश समेत 21 आरोपियों पर की चार्जशीट
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन