बड़ी मंझगांय में 20 लाख से अधिक की चोरी, सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार हुए चोर

बड़ी मंझगांय गांव में चोरी की घटना के बाद बिखरा पड़ा सामान.
Munger Theft Case: बड़ी मंझगांय गांव निवासी सत्तन यादव के घर में देर रात चोरों ने खिड़की तोड़कर प्रवेश किया. इसके बाद घर में रखी अलमारी को निशाना बनाते हुए कीमती आभूषण और नकदी चोरी कर ली. सोमवार सुबह परिजनों ने कमरे में सामान बिखरा देखा तो घटना की जानकारी हुई.
हवेली खड़गपुर (मुंगेर) से सौरभ कुमार की रिपोर्ट:
Munger Theft Case: हवेली खड़गपुर प्रखंड क्षेत्र के बड़ी मंझगांय गांव में रविवार देर रात शातिर चोरों ने एक बंद कमरे को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. चोर घर से करीब 120 ग्राम सोना, 440 ग्राम चांदी के आभूषण और 43 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है.
खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार बड़ी मंझगांय गांव निवासी सत्तन यादव के घर में देर रात चोरों ने खिड़की तोड़कर प्रवेश किया. इसके बाद घर में रखी अलमारी को निशाना बनाते हुए कीमती आभूषण और नकदी चोरी कर ली. सोमवार सुबह परिजनों ने कमरे में सामान बिखरा देखा तो घटना की जानकारी हुई.
शादी में मिले आभूषण भी हुए चोरी
पीड़ित परिवार के सदस्य एवं सीआईएसएफ फरीदाबाद में पदस्थापित साकेत कुमार ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2023 में हुई थी. विवाह के दौरान मिले उनके और उनकी पत्नी के करीब 120 ग्राम सोने तथा 440 ग्राम चांदी के आभूषण अलमारी में सुरक्षित रखे गए थे. इसके अलावा 43 हजार रुपये नकद भी रखे हुए थे, जिसे चोर अपने साथ ले गए.
उन्होंने बताया कि वह हाल ही में छुट्टी पर घर आए थे, लेकिन दो दिन पूर्व अपने ससुराल जमुई गए हुए थे. घटना की सूचना मिलने के बाद वह तत्काल घर पहुंचे.
बंद कमरे का उठाया फायदा
बताया जाता है कि जिस कमरे में चोरी हुई, उसमें सामान्य रूप से साकेत कुमार सोते थे. उनके घर पर नहीं रहने के कारण कमरा बंद था. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने दो कमरों की खिड़की तोड़ी और घर में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर आराम से चोरी की.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही गंगटा थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पीड़ित परिवार ने गंगटा थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीण चिंतित
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आम लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। अपने समाचार पोर्टल पर कार्य करते हुए उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट निर्माण में अनुभव हासिल किया। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










