मुंगेर में खाद्यान्न, दलहन और तिलहन के दाम स्थिर, आलू-प्याज ने दी राहत

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 01 Jun 2026 9:00 AM

विज्ञापन

Munger Mandi Rate: मुंगेर मंडी से आम उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है. खाद्यान्न, दलहन और तिलहन के दामों में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है. हालांकि आम के मौसम के आगमन के साथ आलू और प्याज की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे रसोई का बजट कुछ हद तक संतुलित बना हुआ है.

विज्ञापन

Munger News : मुंगेर की प्रमुख कृषि मंडी में सोमवार को अधिकांश खाद्य वस्तुओं के भाव स्थिर रहे. गेहूं, चावल, दाल और सरसों तेल की कीमतों में कोई उल्लेखनीय परिवर्तन नहीं देखा गया. मंडी कारोबारियों का कहना है कि वर्तमान में बाजार संतुलित है, लेकिन पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों का असर आने वाले दिनों में खाद्य वस्तुओं के दामों पर पड़ सकता है.

मंडी में फिलहाल कायम है स्थिरता का माहौल

व्यापारियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से मंडी में खाद्यान्न, दलहन और तिलहन के भाव लगभग एक समान बने हुए हैं. खरीद-बिक्री सामान्य गति से जारी है और आपूर्ति भी संतोषजनक बनी हुई है. इसके कारण कीमतों में किसी प्रकार की बड़ी उछाल या गिरावट नहीं देखी जा रही है.

आलू और प्याज के दाम में आयी नरमी

आम का सीजन शुरू होने के साथ बाजार में सब्जियों की मांग और आपूर्ति के समीकरण में बदलाव आया है. इसका असर आलू और प्याज की कीमतों पर भी पड़ा है. मंडी सूत्रों के अनुसार इन दोनों आवश्यक खाद्य वस्तुओं के दाम में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिली है.

गेहूं, मक्का और चावल के भाव स्थिर

सोमवार को मंडी में गेहूं 2400 से 2700 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिकता रहा. मक्का का भाव 1900 से 2000 रुपये प्रति क्विंटल रहा. मंसूरी चावल 3200 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल तथा अरवा मोटा चावल 3050 से 3200 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर कारोबार करता रहा. वहीं बासमती चावल की कीमत 12000 से 13000 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज की गई.

दलहन बाजार में नहीं दिखी कोई हलचल

दालों की कीमत भी स्थिर बनी रही. मसूर दाल 7500 से 8000 रुपये प्रति क्विंटल, चना दाल 7500 से 8000 रुपये प्रति क्विंटल, मूंग दाल 11000 से 12000 रुपये प्रति क्विंटल और अरहर दाल 9000 से 12000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिकती रही. व्यापारियों का कहना है कि फिलहाल दलहन बाजार में मांग और आपूर्ति संतुलित है.

सरसों तेल के भाव में भी स्थिरता

तिलहन बाजार में सरसों तेल का 15 लीटर वाला टिन 2070 रुपये से 2470 रुपये के बीच उपलब्ध रहा. पिछले सप्ताह की तुलना में इसमें कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया.

ईंधन कीमतों पर टिकी बाजार की नजर

मंडी कारोबारियों का कहना है कि पेट्रोल और डीजल के दाम में हुई वृद्धि का असर परिवहन लागत पर पड़ सकता है. यदि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी जारी रहती है तो आने वाले चार से पांच दिनों में खाद्यान्न, दलहन और तिलहन के दामों में बदलाव देखने को मिल सकता है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन