जमालपुर पहुंचा डेमू रैक, शीघ्र परिचालन की संभावना

Updated:
विज्ञापन

जमालपुर : मुंगेर गंगा रेल पुल के लोकार्पण के साथ ही मुंगेर-खगडि़या-बेगूसराय के बीच रेल यात्री सेवा प्रारंभ होने की संभावना प्रबल हो गयी है और रेलवे संरक्षा आयुक्त की जांच के बाद इस रेलखंड पर डेमू ट्रेन का परिचालन प्रारंभ किया जायेगा. इसके लिए चेन्नई से डेमू का रैक शुक्रवार को जमालपुर पहुंचा. रेल […]

विज्ञापन

जमालपुर : मुंगेर गंगा रेल पुल के लोकार्पण के साथ ही मुंगेर-खगडि़या-बेगूसराय के बीच रेल यात्री सेवा प्रारंभ होने की संभावना प्रबल हो गयी है और रेलवे संरक्षा आयुक्त की जांच के बाद इस रेलखंड पर डेमू ट्रेन का परिचालन प्रारंभ किया जायेगा. इसके लिए चेन्नई से डेमू का रैक शुक्रवार को जमालपुर पहुंचा. रेल यात्रा शीघ्र शुरू करने को लेकर पूर्व रेलवे के मालदह डिवीजन के अधिकारी तैयारी में लगे हुए हैं. प्रारंभ में जमालपुर से मुंगेर होते हुए बेगूसराय व खगडि़या के बीच डेमू ट्रेन का परिचालन होगा.

मुंगेर पुल को चालू होने पर जमालपुर-बेगूसराय तथा जमालपुर खगडि़या के बीच चलने वाली सवारी गाड़ी के लिए चेन्नई से मंगाया गया एक रैक शुक्रवार को जमालपुर पहुंच गया. यह रैक कुर्ला के इंजन संख्या डब्लूडीजी-3ए 14813 से खींच कर इटारसी, सतना, मुगलसराय, दानापुर होते जमालपुर लाया गया. लोको ड्राइवर अवधेश कुंवर तथा सहायक राज कुमार मंडल द्वारा किऊल से इस रैक को शुक्रवार की शाम जमालपुर लाया. इस बीच दशरथपुर रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन को अपराह्न 12:15 बजे से 04:05 बजे तक रोके रखा गया. जिसके कारण किऊल से 11:35 में प्रस्थान करने वाला रैक संध्या लगभग 04:15 में जमालपुर पहुंचा. बताया जाता है कि यह रैक साउथ रेलवे के तिरूची और नागोर रेलवे स्टेशनों के बीच चलता था. जिसे इस रूट पर चलाने के लिए भेजा गया है.
जबकि स्थानीय लोगों का मानना था कि प्रधानमंत्री द्वारा पुल का लोकार्पण करने के कारण इस हाई प्रोफाइल मामले में रेलवे नया डेमू रैक चलायेगी. सवारी गाड़ी मुंगेर पुल होते हुए जमालपुर से खगडि़या एवं जमालपुर से बेगूसराय के बीच तीन खेप चलेगी. इनमें दो खेप बेगूसराय के बीच एवं एक खेप खगडि़या के लिए होगा. बताया गया कि जमालपुर से खगडि़या की कुल दूरी महज 52 किलोमीटर तथा बेगूसराय की कुल दूरी मात्र 79 किलोमीटर की है. जमालपुर से खुल कर बेगूसराय जाने के क्रम में सवारी गाड़ी का कुल चार विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ठहराव होगा. इनमें मुंगेर, सबदलपुर तथा साहेबपुर कमाल शामिल है, जबकि सबदलपुर से ही उमेशनगर नगर ठहर कर ट्रेन खगडि़या पहुंचेगी.
डेमू के रखरखाव को लेकर बढ़ी परेशानी : जमालपुर. जमालपुर तथा बेगूसराय एवं खगडि़या के बीच चलने वाली सवारी गाड़ी के परिचालन की तिथि की घोषणा भले ही नहीं हुई हो, परंतु इसके लिए चेन्नई से चल कर पहुंचे रैक के रखरखाव एवं इसके परिचालन को लेकर यहां के रेल अधिकारियों की परेशानी बढ़ गई है. इसके हल के लिए शुक्रवार को परिचालन से जुड़े स्थानीय रेल अधिकारियों ने स्टेशन प्रबंधक गोपाल कृष्ण प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक की. इसमें सीएमएस इंचार्ज अजय कुमार चौरसिया, कैरेज एंड वैगन के एसएसइ अशोक कुमार यादव तथा डीजल शेड के एसएसइ एके मुकेश शामिल थे. हालांकि अधिकारियों ने बैठक के संबंध में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया,
परंतु उनके बीच इंजन एवं कोच के रख रखाव एवं सप्ताह में प्रति दिन सवारी गाड़ी के परिचालन को लेकर गहन चर्चा हुई. अधिकारी इस बात को लेकर परेशान दिखे कि यदि प्रति दिन पैसेंजर ट्रेन का परिचालन किया जाये तो उसका मेंटेनेंस कैसे होगा. चूंकि नये रैक के मेंटेनेंस का कार्य भार जमालपुर डीजल शेड को सौंपा गया है.
जहां रैक के दोनों ओर के इंजन के मेंटेनेंस में कम से कम आठ घंटे का समय जरूरी है, वहीं कोच के मेंटेनेंस के लिए कम से कम छह घंटे आवश्यक होंगे. जबकि प्रति दिन सवारी गाड़ी प्रात: छह बजे से रात्रि 08:30 बजे तक चलेगी. ऐसे में महज साढ़े आठ घंटे के समय में कैसे मेंटेनेंस किया जायेगा. रेल अधिकारियों का कहना था कि सप्ताह में एक दिन ट्रेन को मेंटेनेंस के लिए नहीं चलाया जाये अथवा प्रतिदिन चलाने की स्थिति में छह दिन नये रैक को तथा एक दिन मैनुअल रैक को ही चलाया जाये.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन