जांच में सही मिले आरोप, छात्राओं से अश्लील व्यवहार के मामले में शिक्षक पर बड़ी कार्रवाई

पूर्वी चंपारण के रक्सौल में एक शिक्षक को छात्राओं से अश्लील व्यवहार और कक्षा संचालन में लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी के अनुमोदन के बाद यह कार्रवाई की गई है.
Motihari News: पूर्वी चंपारण के रक्सौल स्थित राजकीय मध्य विद्यालय, बहुअरी के विशिष्ट शिक्षक शाहिल खुर्शीद को छात्राओं के साथ अश्लील व्यवहार और निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार कक्षा संचालन नहीं करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
यह कार्रवाई जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी के अनुमोदन के बाद जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) ब्रजेश कुमार द्वारा जारी आदेश के तहत की गई है.
जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया सही पाए गए आरोप
विभागीय जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा सौंपी गई जांच रिपोर्ट में छात्राओं के साथ अश्लील व्यवहार के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं.
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि शिक्षक निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन नहीं कर रहे थे.
नियमावली के उल्लंघन का आरोप
कार्यालय आदेश के अनुसार, शिक्षक का कथित आचरण बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली, 2023 तथा बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1976 के प्रावधानों का उल्लंघन माना गया है.
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, रक्सौल निर्धारित किया गया है.
विभागीय जांच होगी
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ब्रजेश कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि शिक्षक के खिलाफ विस्तृत विभागीय जांच के लिए अलग से आरोप-पत्र (चार्जशीट) जारी किया जाएगा.
आदेश की प्रतियां संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (रक्सौल एवं मोतिहारी) तथा जिला पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई और अनुपालन के लिए भेज दी गई हैं.
फिलहाल शिक्षक के खिलाफ विभागीय प्रक्रिया जारी है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अमृतेश कुमार
अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










