अब कक्षा 4 से 8 के कमजोर बच्चों पर रहेगा खास फोकस, मोतिहारी में शिक्षकों को दिए गए नए निर्देश

Updated:
विज्ञापन
कार्यशाला को संबोधित करते डी ईओ राजन कुमार गिरी व अन्य | Prabhat Khabar Network

कार्यशाला को संबोधित करते डी ईओ राजन कुमार गिरी व अन्य

मोतिहारी में शिक्षकों के लिए बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान (FLN) पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य कक्षा 4 से 8 तक के कमजोर बच्चों की सीखने की क्षमता को बढ़ाना है। नई शिक्षण तकनीकों पर जोर दिया गया।

विज्ञापन

Motihari News: बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (FLN) के तहत कक्षा 4 से 8 के लिए चिन्हित नोडल शिक्षकों और मेंटरों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण सोमवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय स्थित शिक्षा भवन के सभागार में आयोजित किया गया. प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों की पढ़ने, लिखने और गणितीय दक्षता को मजबूत बनाना रहा.

कार्यशाला की अध्यक्षता जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरि ने की.

गतिविधि आधारित शिक्षण पर दिया गया जोर

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण में गतिविधि आधारित शिक्षण, आकलन तकनीक, शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) के प्रभावी उपयोग और उपचारात्मक शिक्षण पर विशेष जोर दिया गया.

उन्होंने कहा कि बच्चों में पढ़ने की समझ, लेखन क्षमता और जोड़, घटाव, गुणा व भाग जैसी आधारभूत गणितीय अवधारणाओं को रोचक तरीके से विकसित करना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है.

सीखने की कमी दूर करेंगे नोडल शिक्षक

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा अभियान) ब्रजेश कुमार ने कहा कि NIPUN भारत मिशन का लक्ष्य अब केवल कक्षा 3 तक सीमित नहीं है. कक्षा 4 से 8 के जिन बच्चों की सीखने में कमी रह गई है, उन्हें विशेष कक्षाओं और गतिविधियों के माध्यम से दक्ष बनाया जाएगा.

उन्होंने नोडल शिक्षकों और मेंटरों को अपने-अपने विद्यालयों का नियमित भ्रमण करने, बच्चों का बेसलाइन आकलन करने और प्रत्येक माह प्रगति रिपोर्ट जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

मॉडल पाठ और खेल आधारित शिक्षण का प्रदर्शन

प्रशिक्षण के दौरान राज्य से आए प्रथम संस्था के ट्रेनर्स ने मॉडल पाठ, खेल आधारित अधिगम और टीएलएम निर्माण का व्यावहारिक प्रदर्शन किया.

प्रतिभागी शिक्षकों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे विद्यालयों में बच्चों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.

कार्यक्रम में संभाग प्रभारी सह अपर जिला कार्यक्रम समन्वयक रामदेव महतो ने सभी नोडल शिक्षकों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.

इस अवसर पर नगेन्द्र प्रसाद, रमेश कुमार, राजीव कुमार सिंह, अंजना कुमारी, सरिता कुमारी, नवाब ठाकुर और केशव कुमार कश्यप सहित कई शिक्षा पदाधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे. कार्यक्रम का संचालन कमलेश कुमार सिंह ने किया.


विज्ञापन
अमृतेश कुमार

लेखक के बारे में

By अमृतेश कुमार

अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन