एमजीसीयू में पत्रकारिता एवं जनसंचार के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का प्रबोधन कार्यक्रम, 20 अगस्त तक प्रवेश का मौका
कार्यक्रम को संबोधित करते डॉ. अंजनी कुमार झा व अन्य
महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (एमजीसीयू) के मीडिया अध्ययन विभाग ने पत्रकारिता एवं जनसंचार के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन किया. इस दौरान उन्हें पत्रकारिता के मूल्यों, सामाजिक सरोकारों और करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई. विभाग में 20 अगस्त तक ओपन काउंसलिंग से रिक्त सीटों पर प्रवेश का मौका है.
Motihari News: मोतिहारी. महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (एमजीसीयू) के मीडिया अध्ययन विभाग की ओर से 2026 सत्र के बीए-एमए, पत्रकारिता एवं जनसंचार के एकीकृत पांच वर्षीय पाठ्यक्रम के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. अंजनी कुमार झा ने की. इस दौरान विद्यार्थियों को पत्रकारिता के मूल्यों, सामाजिक सरोकार, मीडिया के नए आयाम और करियर की संभावनाओं की जानकारी दी गई.
पत्रकारिता जीवन मूल्यों और सामाजिक सरोकार की यात्रा : डॉ. साकेत रमण
कार्यक्रम के स्वागत उद्बोधन में विभाग के आचार्य डॉ. साकेत रमण ने कहा कि पत्रकारिता जीवन मूल्यों को सहेजने और सामाजिक सरोकारों के साथ आगे बढ़ने की यात्रा है. उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि विभाग उनके अध्ययन और करियर निर्माण में हरसंभव सहयोग करेगा.
तथ्य के माध्यम से सत्य का अन्वेषण है पत्रकारिता : प्रो. अरुण कुमार भगत
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बिहार लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य एवं विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रो. अरुण कुमार भगत ने स्वतंत्रता संग्राम के संदर्भ में पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि पत्रकारिता तथ्य के माध्यम से सत्य के अन्वेषण की यात्रा है.
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता निष्ठा और समर्पण वाले महत्वपूर्ण पेशों में से एक है. लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में पत्रकारिता की बड़ी भूमिका है. विद्यार्थियों को पत्रकारिता के मूल्यों और जिम्मेदारियों को समझकर इस क्षेत्र में आगे बढ़ने की सलाह दी गई.
मीडिया के नए आयामों की दी जानकारी
अध्यक्षीय उद्बोधन में विभागाध्यक्ष डॉ. अंजनी कुमार झा ने पाठ्यक्रम से संबंधित जानकारी देने के साथ मीडिया के बदलते और नए आयामों पर चर्चा की. उन्होंने विद्यार्थियों को रैगिंग से संबंधित महत्वपूर्ण नियमों और सावधानियों की जानकारी भी दी.
डॉ. झा ने कहा कि विद्यार्थियों को मीडिया के नए क्षेत्रों में करियर बनाना हो, फिर भी पत्रकारिता के मूल्यों और तकनीकी पहलुओं की जानकारी आवश्यक है. उन्होंने कहा कि करियर में सफलता के साथ बेहतर आचरण और जिम्मेदार व्यवहार भी जरूरी है.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी तेज, 405 जीविका दीदियां बना रहीं 1.08 लाख झंडे
20 अगस्त तक ओपन काउंसलिंग से प्रवेश का मौका
मीडिया अध्ययन विभाग में बीए-एमए, पत्रकारिता एवं जनसंचार के एकीकृत पांच वर्षीय पाठ्यक्रम में रिक्त सीटों के लिए ओपन काउंसलिंग के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया जारी है. आवेदन की अंतिम तिथि 20 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है.
रिक्त सीटों में ओबीसी-एनसीएल की 3, एससी की 1, एसटी की 2 तथा सेल्फ फाइनेंस की 11 सीटें शामिल हैं. ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने सीयूईटी-2026 परीक्षा में भाग नहीं लिया है, वे निर्धारित शुल्क जमा कर प्रवेश के लिए पंजीकरण कर सकते हैं.
कार्यक्रम में शिक्षकों और शोधार्थियों की रही भूमिका
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन विभाग के आचार्य डॉ. सुनील दीपक घोड़के ने किया. मंच संचालन शोधार्थी रुचि भारती ने किया, जबकि तकनीकी समन्वय की जिम्मेदारी शोधार्थी आशीष कुमार ने निभाई. कार्यक्रम में विभाग के शिक्षक, शोधार्थी और नवप्रवेशित विद्यार्थी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में देर रात एसपी का औचक निरीक्षण, छतौनी और तुरकौलिया थाना की सुरक्षा व्यवस्था जांची
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अमृतेश कुमार
अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










