जमीन का दाखिल-खारिज कराने में किसान परेशान, कहीं 95% काम पूरा तो कहीं 50% भी नहीं

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

मोतिहारी में जमीन दाखिल-खारिज के 7555 आवेदन अभी भी विभिन्न अंचलों में लंबित हैं, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जहाँ केसरिया अंचल 95.52% निष्पादन के साथ अव्वल है, वहीं मोतिहारी अंचल केवल 49.92% प्रगति के साथ सबसे पीछे है. विभाग ने शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए हैं.

विज्ञापन

Motihari News: सरकार की सख्ती के बाद जमीन के दाखिल-खारिज मामलों के निष्पादन में कई अंचलों में तेजी आई है, लेकिन जिले के कई अंचल अब भी निर्धारित लक्ष्य से पीछे चल रहे हैं. विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में दाखिल-खारिज के लिए कुल 30,352 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 7,555 आवेदन अभी भी विभिन्न अंचलों में लंबित हैं. जिले में अब तक 75.11 प्रतिशत मामलों का निष्पादन हुआ है.

7,555 आवेदन अब भी लंबित

विभागीय जानकारी के अनुसार दाखिल-खारिज के कुल आवेदनों में बड़ी संख्या अभी लंबित है. वहीं लंबित आवेदनों में करीब 900 आवेदन अस्वीकृत किए जा चुके हैं. आवेदन से जुड़ी समस्याओं और कागजात की प्रक्रिया को लेकर कई आवेदकों को अंचल कार्यालय से लेकर संबंधित कार्यालयों तक चक्कर लगाना पड़ रहा है.

यह भी पढ़ें: एमजीसीयू में पत्रकारिता एवं जनसंचार के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का प्रबोधन कार्यक्रम, 20 अगस्त तक प्रवेश का मौका

मोतिहारी अंचल की प्रगति सबसे कम

जिले में दाखिल-खारिज के मामलों के निष्पादन में मोतिहारी अंचल की स्थिति सबसे कमजोर बताई गई है. यहां अब तक 49.92 प्रतिशत मामलों का ही निष्पादन हुआ है. इसके अलावा आदापुर में 58.95 प्रतिशत और बंजरिया में 53.47 प्रतिशत मामलों का निष्पादन हुआ है. विभाग ने इन अंचलों को प्राथमिकता के आधार पर लंबित मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया है.

केसरिया अंचल 95.52 प्रतिशत के साथ अव्वल

दाखिल-खारिज के मामलों के निष्पादन में केसरिया अंचल जिले में सबसे आगे है. यहां 95.52 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया जा चुका है. विभागीय अधिकारियों के अनुसार अन्य अंचलों को भी इसी तरह लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन पर जोर देना होगा.

21 दिनों के अंदर करना है दाखिल-खारिज

नियम के अनुसार जमीन निबंधन के बाद दाखिल-खारिज के लिए प्राप्त आवेदन का 21 दिनों के अंदर निष्पादन किया जाना है. इसके बावजूद कई मामलों के लंबित रहने से किसानों और जमीन मालिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है.

ग्रामीण आवेदकों का कहना है कि कई जगह ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रक्रिया में समस्या बताकर उन्हें परेशान किया जाता है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि आवेदन में कोई त्रुटि है तो आवेदक को इसकी जानकारी देकर आवश्यक कागजात तत्काल मांगे जाएं और प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए.

लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर दाखिल-खारिज के आवेदनों का निष्पादन करने का निर्देश दिया है. किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया है.

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने सभी अंचलाधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को दाखिल-खारिज के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

यह भी पढ़ें: रील बनाने के लिए जान जोखिम में डाल रहे युवा, अभिभावकों को सतर्क रहने की जरूरत


विज्ञापन
हिमांशु कुमार

लेखक के बारे में

By हिमांशु कुमार

हिमांशु पिछले 11 वर्षों से समाचार लेखन, संपादन के कार्य में सक्रिय हैं. इन्हें प्रशासनिक खबरों, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों, खेल, बाजार तथा विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत गतिविधियों पर सटीक और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करने में विशेष रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन