Madhubani News: चार महीने से वेतन नहीं मिलने पर शिक्षकों का फूटा गुस्सा, भूख हड़ताल की चेतावनी

Edited by Aniket Kumar
Updated:
विज्ञापन

डीईओ कार्यालय पर शिक्षकों का प्रदर्शन

Madhubani News: मधुबनी में लंबित वेतन और 15 सूत्री मांगों को लेकर शिक्षकों ने डीईओ कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया. संघ ने आरोप लगाया कि चार महीने से वेतन नहीं मिला है और 25 जून तक भुगतान नहीं होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

मधुबनी से नागेन्द्र नाथ झा की रिपोर्ट

Madhubani News: मधुबनी में लंबित वेतन भुगतान और अन्य मांगों को लेकर मंगलवार को शिक्षकों का आक्रोश सड़क पर दिखा. बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के बैनर तले जिले भर के सैकड़ों शिक्षकों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा अपनी 15 सूत्री मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई.

जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे शिक्षक टाउन क्लब मैदान से जुलूस निकालते हुए थाना चौक होकर शिक्षा भवन पहुंचे. बाद में प्रदर्शन सभा में बदल गया, जहां शिक्षकों ने अपनी समस्याओं को लेकर विभागीय अधिकारियों और सरकार पर नाराजगी जताई.

चार महीने से वेतन नहीं मिलने का आरोप

सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष संजीव कुमार कामत ने कहा कि मधुबनी के नियोजित शिक्षकों को पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला है. इसके कारण शिक्षक आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि वेतन नहीं मिलने से शिक्षकों को परिवार चलाने, बच्चों की पढ़ाई, इलाज और अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा करने में गंभीर परेशानी हो रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 25 जून तक लंबित वेतन और बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया तो शिक्षक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे.

प्रोन्नति और एरियर भुगतान की भी मांग

संघ के प्रधान सचिव अवधेश कुमार झा ने कहा कि लंबे समय से वेतन भुगतान नहीं होने से शिक्षकों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है. इसका असर विद्यालयों के शैक्षणिक माहौल पर भी पड़ रहा है.

वहीं संघ के प्रवक्ता राकेश कुमार चौधरी ने कहा कि नियोजन नियमावली में प्रावधान होने के बावजूद शिक्षकों को समय पर प्रोन्नति नहीं दी जा रही है. उन्होंने 12 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके शिक्षकों को कालबद्ध प्रोन्नति, बेसिक ग्रेड शिक्षकों को स्नातक ग्रेड तथा स्नातक ग्रेड शिक्षकों को प्रधानाध्यापक पद पर प्रोन्नति देने की मांग की.

महंगाई भत्ता और एरियर भुगतान लंबित

उपाध्यक्ष मो. नूर आलम ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों से महंगाई भत्ता के अंतर वेतन का भुगतान नहीं किया गया है. इसके अलावा विशिष्ट शिक्षकों, प्रधान शिक्षक बने शिक्षकों और एनआईओएस से प्रशिक्षित शिक्षकों का एरियर भी वर्षों से लंबित है.

शिक्षक नेताओं ने ईपीएफ खाते में जमा राशि के अद्यतन हस्तांतरण, डीएलएड प्रशिक्षित शिक्षकों को वित्तीय लाभ देने और लंबित एरियर का भुगतान करने की भी मांग की.

कई शिक्षक नेताओं ने रखी अपनी बात

धरना सभा में संघ के कई पदाधिकारियों और शिक्षक नेताओं ने अपनी मांगों को विस्तार से रखा. शिक्षकों ने विभाग से सभी लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने की मांग करते हुए कहा कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. प्रदर्शन में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए.

यह भी पढे़ं: Madhubani News: बोरियों के नीचे छिपाकर लाई जा रही थी बीयर की खेप, जांच में खुला बड़ा राज

विज्ञापन
Aniket Kumar

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन