मधुबनी: फुलपरास में सड़क किनारे झाड़ी से फेरीवाले का शव बरामद, सिर पर गहरे जख्म
Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 05 Jun 2026 8:19 AM
प्रतीकात्मक तस्वीर
Madhubani News: फुलपरास में पश्चिम बंगाल के रहने वाले एक फेरीवाले का शव झाड़ी से बरामद हुआ है. मृतक का सिर फटा हुआ है. पुलिस ने मारपीट कर हत्या की आशंका जताते हुए मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. जानिए पूरी खबर…
मधुबनी के फुलपरास से जगदीश कुमार की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र अंतर्गत सिसवा बरही में शुक्रवार की सुबह सड़क किनारे झाड़ी से एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी 25 वर्षीय जियाउल हक के रूप में हुई है. वह इस क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर फेरी लगाने का काम करता था. शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
सिर पर गहरे जख्म, साक्ष्य छुपाने के लिए झाड़ी में फेंका शव
घटनास्थल के हालातों को देखकर स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने युवक की हत्या किए जाने की प्रबल आशंका जताई है. पुलिस ने मृतक के पास से उसका मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. फुलपरास थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि मृतक युवक का सिर फटा हुआ है. जख्म के निशानों से प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि युवक के साथ पहले बुरी तरह मारपीट की गई है और फिर उसकी हत्या करके साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को सड़क किनारे झाड़ी में फेंक दिया गया.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी पुलिस
फुलपरास थाना पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले के सभी बिंदुओं पर गहन छानबीन कर रही है. युवक की किसी से कोई रंजिश थी या लूटपाट के दौरान इस वारदात को अंजाम दिया गया, इसका पता लगाया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










